खेल

IND vs PAK, T20 WC : कोलंबो फ्लाइट का टिकट 1.45 लाख पार, होटल का किराया भी आसमान पर पहुंचा

स्पोर्ट्स डेस्क : 15 फरवरी को होने वाले भारत बनाम पाकिस्तान मुकाबले ने क्रिकेट फैंस के बीच जबरदस्त उत्साह पैदा कर दिया है। जैसे ही पाकिस्तान ने यह मैच खेलने की पुष्टि की, कोलंबो जाने वाली फ्लाइट्स और होटलों की मांग अचानक बढ़ गई। नतीजतन, नई दिल्ली और मुंबई से श्रीलंका की राजधानी तक की हवाई टिकटों के दाम कई गुना बढ़ गए हैं। होटल रूम की कीमतों में भी तेज उछाल देखा जा रहा है। IND vs PAK मैच का असर अब ट्रैवल इंडस्ट्री पर साफ दिखाई दे रहा है।

फ्लाइट टिकट के दाम पांच गुना तक बढ़े

भारत-पाकिस्तान मैच की आधिकारिक पुष्टि के बाद यात्रा बुकिंग में अचानक तेजी आई। ट्रैवल वेबसाइट्स पर 14 और 15 फरवरी के लिए दिल्ली और मुंबई से कोलंबो की फ्लाइट का किराया सामान्य दिनों की तुलना में कई गुना अधिक दिख रहा है। जहां आमतौर पर कोलंबो के लिए सीधी उड़ान का किराया लगभग 30,000 रुपए के आसपास रहता है, वहीं अब कुछ टिकटों की कीमत 1.45 लाख रुपए तक पहुंच गई है। खासकर मैच से एक दिन पहले और मैच के दिन की फ्लाइट्स सबसे महंगी हैं।

एयर इंडिया की नॉनस्टॉप उड़ानों के दाम भी तेजी से बढ़े हैं। दिल्ली से कोलंबो के लिए किराया लगभग 90,000 से 1.09 लाख रुपये के बीच पहुंच गया है। वहीं मुंबई से उड़ान भरने वाले यात्रियों को भी करीब 90,000 रुपये तक खर्च करने पड़ सकते हैं।

कोलंबो में होटल किराया भी आसमान पर

सिर्फ फ्लाइट ही नहीं, बल्कि कोलंबो में होटल के रेट भी रिकॉर्ड स्तर तक पहुंच गए हैं। तीन सितारा से लेकर पांच सितारा होटलों तक, एक रात ठहरने का किराया 1.14 लाख रुपए तक बताया जा रहा है। सामान्य दिनों में यही कमरे लगभग 40,000 रुपए तक में उपलब्ध रहते हैं। लेकिन IND vs PAK मैच को लेकर भारी मांग के चलते प्रीमियम होटलों ने अपने रेट में बड़ी बढ़ोतरी कर दी है। हालांकि बजट यात्रियों के लिए अभी भी विकल्प मौजूद हैं। छोटे होटल और गेस्ट हाउस में दो से तीन हजार रुपये प्रति रात के हिसाब से कमरे मिल सकते हैं, लेकिन इनकी उपलब्धता सीमित है।

मैच को लेकर पहले था असमंजस

इस हाई-वोल्टेज मुकाबले को लेकर पहले अनिश्चितता बनी हुई थी। पाकिस्तान ने शुरुआती दौर में 15 फरवरी को भारत के खिलाफ मैच खेलने से इनकार कर दिया था। बताया गया कि यह फैसला बांग्लादेश के टूर्नामेंट से बाहर होने के समर्थन में लिया गया था। हालांकि, बाद में आईसीसी के हस्तक्षेप के बाद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड, बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड और अन्य संबंधित पक्षों के बीच बातचीत हुई। अंततः स्थिति स्पष्ट हुई और पाकिस्तान ने मैच खेलने की पुष्टि कर दी।

सरकार की मंजूरी के बाद बढ़ी बुकिंग

पाकिस्तान सरकार ने सोमवार देर रात टीम को भारत के खिलाफ मैच खेलने की अनुमति दी। इस घोषणा के तुरंत बाद फैंस ने कोलंबो के लिए टिकट बुकिंग शुरू कर दी। अचानक बढ़ी मांग के कारण एयरलाइंस ने किराए में बढ़ोतरी कर दी, जबकि होटलों ने भी रूम रेट्स में इजाफा किया। क्रिकेट प्रेमियों के उत्साह का सीधा असर ट्रैवल सेक्टर पर देखने को मिल रहा है।

Related Articles

Back to top button