मुख्यमंत्री धामी ने अर्ध कुंभ 2027 के सभी कार्य अक्टूबर तक पूरे करने के दिए निर्देश

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अर्ध कुंभ 2027 से संबंधित सभी कार्य अक्टूबर माह तक और सभी निर्माण कार्य तय समय सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे करने के निर्देश दिए हैं।
सोमवार को सचिवालय स्थित वीर चन्द्र सिंह गढ़वाली सभागार में मुख्यमंत्री ने हरिद्वार अर्ध कुंभ मेला की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक की। उन्होंने स्पष्ट किया कि कुंभ से जुड़े किसी भी कार्य या फाइल को शासन स्तर पर लंबित न रखा जाए। किसी भी प्रकार की लापरवाही पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता कुंभ मेले का भव्य, दिव्य और सफल आयोजन सुनिश्चित करना है।
मुख्यमंत्री धामी ने लोक निर्माण विभाग सचिव को अगले 24 घंटे के भीतर कुंभ के लिए तकनीकी पदों पर अधिकारियों की नियुक्ति के निर्देश दिए। उन्होंने कुंभ क्षेत्र में बने सभी पुलों का ऑडिट कराने तथा सभी घाटों के सौंदर्यीकरण एवं आवश्यकता अनुसार पुनर्निर्माण के निर्देश दिए। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए हर की पैड़ी सहित सभी प्रमुख घाटों पर स्नान की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने मेला क्षेत्र की स्वच्छता के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने, प्रमुख स्थानों पर शौचालय एवं पेयजल की व्यवस्था तथा पर्याप्त सुरक्षा बलों और जल पुलिस की तैनाती के निर्देश दिए। सुरक्षा के दृष्टिगत ड्रोन, सीसीटीवी कैमरों एवं अन्य आधुनिक उपकरणों के उपयोग पर भी जोर दिया। कानून व्यवस्था, पार्किंग और भीड़ प्रबंधन के लिए अलग से विस्तृत योजना बनाने को कहा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कुंभ क्षेत्र में अखाड़ों को भूमि आवंटन तय समय पर किया जाए, जिसकी निगरानी मेलाधिकारी स्वयं करें। उन्होंने अखाड़ों, मठों, संत समाज, विभिन्न संस्थाओं एवं स्थानीय लोगों से समन्वय स्थापित कर उनके सुझावों के अनुरूप तैयारियां करने के निर्देश दिए। कुंभ क्षेत्र में आवागमन सुगम बनाने के लिए अतिक्रमण के खिलाफ व्यापक अभियान चलाने के भी निर्देश दिए गए।
धामी ने वन से संबंधित मामलों में शीघ्र अनुमति प्राप्त करने और अन्य राज्यों से भी समन्वय स्थापित करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी विकास कार्य कागजों के साथ-साथ धरातल पर भी स्पष्ट रूप से दिखाई देने चाहिए। इसके साथ ही आवास, टेंट सिटी, अस्थायी अस्पताल, एम्बुलेंस एवं मोबाइल चिकित्सा दल की व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कुंभ मेला हमारी संस्कृति और आस्था का प्रतीक है और करोड़ों श्रद्धालुओं से जुड़ा एक महत्वपूर्ण आयोजन है। इसे सफल बनाना हम सभी की जिम्मेदारी है, ताकि श्रद्धालु उत्तराखंड से सकारात्मक और सुखद अनुभव लेकर लौटें।




