लाइफ स्टाइल

शरीर में खुजली किस विटामिन की कमी से होती है? तुरंत राहत पाने के लिए करें ये उपाय

Deficiency Itchy: शरीर में लगातार खुजली होना एक बेहद परेशान करने वाली समस्या है। कई बार खुजली इतनी बढ़ जाती है कि व्यक्ति का बैठना, सोना और रोज़मर्रा का काम करना तक मुश्किल हो जाता है। आमतौर पर लोग खुजली को केवल त्वचा से जुड़ी बाहरी परेशानी मानते हैं, लेकिन सच यह है कि यह शरीर के अंदर चल रही किसी गड़बड़ी का संकेत भी हो सकती है।

अक्सर खुजली को लिवर की समस्या से जोड़कर देखा जाता है, लेकिन विशेषज्ञों के अनुसार शरीर में कुछ जरूरी  विटामिन और पोषक तत्वों की कमी भी इसका बड़ा कारण बन सकती है। इसके अलावा एलर्जी, पित्ती, दाद-खाज, या किसी खास खाद्य पदार्थ से रिएक्शन के कारण भी त्वचा में खुजली हो सकती है।

किन विटामिन की कमी से होती है खुजली?

शरीर में होने वाली खाज-खुजली के पीछे कई तरह की विटामिन की कमी जिम्मेदार हो सकती है-

विटामिन A की कमी
इस विटामिन की कमी से त्वचा रूखी और बेजान हो जाती है, जिससे खुजली की समस्या बढ़ने लगती है।

विटामिन B12 की कमी
इसकी कमी से त्वचा पर रैशेज, जलन और हाथ-पैरों में खुजली महसूस हो सकती है।

विटामिन B3 (नियासिन)
नियासिन की कमी होने पर त्वचा पर दाने, घाव और तेज खुजली की शिकायत हो सकती है।

विटामिन C और विटामिन E
ये दोनों विटामिन त्वचा को  स्वस्थ रखने में अहम भूमिका निभाते हैं। इनकी कमी से त्वचा कमजोर हो जाती है और खुजली की समस्या पैदा हो सकती है।

खुजली से तुरंत राहत पाने के घरेलू उपाय

अगर खुजली ज्यादा परेशान कर रही है, तो कुछ आसान घरेलू उपाय राहत दिला सकते हैं-

कैलामाइन लोशन
त्वचा की खुजली और जलन को शांत करने के लिए कैलामाइन लोशन एक सुरक्षित और असरदार विकल्प है। इसे लगाने से त्वचा को ठंडक मिलती है और खुजली कुछ समय के लिए कम हो जाती है।

एसेंशियल ऑयल्स का इस्तेमाल
लैवेंडर, पेपरमिंट और यूकेलिप्टस जैसे तेलों में सूजन कम करने वाले गुण होते हैं। इन्हें किसी क्रीम या कैरियर ऑयल में मिलाकर लगाने से खुजली और जलन में राहत मिल सकती है।

आइस पैक
बर्फ से सेक करने पर त्वचा की सूजन और जलन कम होती है। आइस पैक न हो तो साफ कपड़े में बर्फ के टुकड़े लपेटकर प्रभावित हिस्से पर कुछ मिनट रखें।

ध्यान रखें:
अगर खुजली लंबे समय तक बनी रहे, बार-बार हो या इसके साथ घाव, सूजन या रंग बदलने जैसी समस्या दिखे, तो खुद इलाज करने के बजाय डॉक्टर से सलाह लेना जरूरी है।

Related Articles

Back to top button