ट्विंकल खन्ना ने अपनी पसंदीदा चीज़ें बचाने के बताए तीन मज़ेदार तरीके

अभिनेत्री ट्विंकल खन्ना भले ही आजकल लाइमलाइट से थोड़ी दूर रहती हों, लेकिन अपनी सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए वह अक्सर सुर्खियां बटोर लेती हैं। शनिवार को भी उन्होंने एक मजेदार पोस्ट शेयर किया, जिसे फैंस खूब पसंद कर रहे हैं।
ट्विंकल ने इंस्टाग्राम पर कुछ तस्वीरें डाली हैं, जिनमें वह आइसक्रीम का मजा लेती नजर आ रही हैं। कुछ तस्वीरों में अक्षय कुमार भी उनके साथ दिखाई दे रहे हैं। इन तस्वीरों के साथ ट्विंकल ने मिठाई पसंद करने वालों के लिए तीन मजाकिया नियम बताए।
उन्होंने लिखा, खाने के शौक के तीन नियम हैं। पहला, मिठाई हमेशा जीतती है। दूसरा, बांटने का दिखावा करना जरूरी है, चाहे मन में बिल्कुल भी इरादा न हो। और तीसरा, नकली मुक्का दिखाना भी बातचीत का एक तरीका हो सकता है।
पोस्ट के आखिर में ट्विंकल ने मजाकिया अंदाज में लिखा कि इन नियमों को मानने से न सिर्फ मजेदार तस्वीरें मिलेंगी, बल्कि मिठाई भी आपकी ही रहेगी। मतलब साफ है, मिठाई खाओ और उसका पूरा मजा लो। इसके साथ ही उन्होंने फैंस से पूछा कि इस जंग में आपकी टेबल पर सबसे पहले कौन हारता है, नीचे उसे टैग करें।
हालांकि आज ट्विंकल खन्ना एक सफल लेखिका और इंटीरियर डिजाइनर के रूप में जानी जाती हैं, लेकिन उनके करियर की शुरुआत अभिनय से हुई थी। उन्होंने साल 1995 में फिल्म ‘बरसात’ से बॉलीवुड में कदम रखा था। कुछ साल फिल्मों में काम करने के बाद उन्होंने 2001 में अक्षय कुमार से शादी की और फिर एक्टिंग से दूरी बनाकर लेखन और इंटीरियर डिजाइन के क्षेत्र में अपना नाम बनाया।
हाल ही में ट्विंकल ने काजोल के साथ मिलकर शो ‘टू मच विद काजोल एंड ट्विंकल’ होस्ट किया था, जिसमें सेलेब्स के साथ इंडस्ट्री और जिंदगी से जुड़े दिलचस्प किस्सों पर बातचीत होती है। यह शो फिलहाल प्राइम वीडियो पर स्ट्रीम हो रहा है।

