Border 2 Movie Release Live: 1997 की क्लासिक ‘बॉर्डर’ का सीक्वल 23 जनवरी 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई है। दमदार एक्टिंग और रोमांचक कहानी के साथ सनी देओल पर्दे पर लौट आए हैं। सनी देओल इस बार मेजर कुलदीप सिंह चांदपुरी के किरदार में हैं, जबकि नई कास्ट में वरुण धवन (कर्नल होशियार सिंह दहिया), दिलजीत दोसांझ (निर्मल जीत सिंह सेखों), अहान शेट्टी, सोनम बाजवा, मोना सिंह और मेधा राणा शामिल हैं। बॉर्डर 2 भारत-पाकिस्तान संघर्ष की पृष्ठभूमि पर आधारित है और फ्रंटलाइन की बहादुरी, बलिदान और गहरी दोस्ती की नई कहानियां लेकर आई है। फिल्म का एंटरटेनमेंट और इमोशन दोनों ही लेवल पर भरपूर है और यह पुराने और नए दर्शकों के लिए समान रूप से आकर्षण का केंद्र बन चुकी है।
एडवांस बुकिंग ने पहले ही सभी उम्मीदों को पार कर लिया है। फिल्म एक्सपर्ट्स का मानना है कि ‘बॉर्डर 2’ का पहला दिन का कलेक्शन ब्लॉकबस्टर फिल्मों ‘धुरंधर’ और ‘छावा’ के शुरुआती रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ सकता है। हालिया आंकड़े सीधे तौर पर फिल्म की बंपर कमाई की ओर इशारा कर रहे हैं। फिल्म से जुड़ी LIVE अपडेट्स और बॉक्स ऑफिस की जानकारी के लिए इस पेज पर लगातार नजर बनाए रखें।
अब शुरू हो रहे शोज
सुबह 8 बजे के शो कैंसिल होने के बाद ‘बॉर्डर 2’ अब सिनेमाघरों में शुरू हो गई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक प्रिंट से जुड़ी दिक्कतें सुलझ गई हैं और कंटेंट डिलीवर कर दिया गया है। सनी देओल की फिल्म के सुबह 9 बजे के शो चालू हैं। कुछ जगहों पर अभी भी दिक्कतें हैं।
दिल्ली में भी कैंसिल हुए शोज
थिएटर में कंटेंट देरी से पहुंचने की वजह से सनी देओल की फिल्म के कई मॉर्निंग शो कैंसिल हो गए, जिसके बाद कई दर्शकों ने X पर अपनी शिकायतें बताईं। एक ने ट्वीट किया, ‘@IndiaCinepolis @district_india डिस्ट्रिक्ट ऐप के साथ यह क्या हो रहा है? मैंने बॉर्डर 2 के 2 टिकट बुक किए थे… सुबह 9 बजे के शो के लिए… अब वे कह रहे हैं कि 9 बजे ऐसा कोई शो नहीं है। यह कैसा बर्ताव है?? DLF मॉल साकेत।’
तरण आदर्शन ने बताया कैसी है ‘बॉर्डर 2’
ट्रेड एनालिस्ट तरण आदर्श ने सनी देओल और वरुण धवन स्टारर फिल्म ‘बॉर्डर 2’ का रिव्यू सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर शेयर किया है। अपने रिव्यू की शुरुआत उन्होंने तीन दमदार शब्दों से की- ‘शक्ति, देशभक्ति, गौरव…’ तरण आदर्श ने लिखा कि ‘बॉर्डर 2’ दर्शकों के दिलों को देशभक्ति के गर्व से भर देती है। यह फिल्म न सिर्फ राष्ट्र को, बल्कि देश की सशस्त्र सेनाओं को भी सलाम करती है। उन्होंने फिल्म को देखने की पुरज़ोर सिफारिश करते हुए इसे एक भावनात्मक और प्रेरणादायक सिनेमाई अनुभव बताया।
अपने रिव्यू में आगे तरण आदर्श ने निर्देशक अनुराग सिंह की जमकर तारीफ की। उन्होंने लिखा कि अनुराग सिंह ने एक दमदार, इमोशनल और प्रभावशाली वॉर गाथा को बड़े पर्दे पर उतारा है, जो भव्यता, ईमानदारी और आत्मा के स्तर पर पूरी तरह खरी उतरती है। साथ ही यह फिल्म कल्ट क्लासिक ‘बॉर्डर’ की विरासत का सम्मान भी करती है।
तरण आदर्श के मुताबिक, ‘बॉर्डर 2’ मूल रूप से वीरता, बलिदान और भाईचारे की कहानी है, जिसे बेहद शानदार और प्रभावी अंदाज में प्रस्तुत किया गया है। उन्होंने इसे एक ऐसी फिल्म बताया जो दर्शकों को भावनात्मक रूप से जोड़ती है और अंत तक बांधे रखती है। कुल मिलाकर तरण आदर्श का मानना है कि ‘बॉर्डर 2’ देशभक्ति सिनेमा पसंद करने वाले दर्शकों के लिए एक मस्ट-वॉच फिल्म है, जो गर्व, सम्मान और जज़्बे से भर देती है।
Related