ऑपरेशन प्रहार’ के तहत पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 36 घंटे में 45 गैंगस्टर गिरफ्तार

फरीदकोट : फरीदकोट पुलिस द्वारा संगठित अपराध के खिलाफ “ऑपरेशन प्रहार” के तहत पिछले 36 घंटों के दौरान जिला फरीदकोट में सुव्यवस्थित और योजनाबद्ध रणनीति के अंतर्गत बड़े पैमाने पर कार्रवाई करते हुए सक्रिय संगठित आपराधिक गिरोहों के नेटवर्क को तोड़ने के लिए छापेमारी की गई। यह कार्रवाई पूरी तरह खुफिया सूचना पर आधारित और समन्वित थी, जिसका मुख्य उद्देश्य आपराधिक गिरोहों की संरचना को ध्वस्त करना और जन सुरक्षा सुनिश्चित करना था।
इस दौरान फरीदकोट पुलिस की विभिन्न यूनिटों से गठित 64 से अधिक पुलिस टीमों, जिनकी निगरानी 09 गजटेड अधिकारियों द्वारा की गई, में शामिल 479 पुलिस कर्मियों ने एक साथ गैंगस्टरों, उनके सहयोगियों तथा उन्हें पनाह या लॉजिस्टिक सहायता प्रदान करने वालों के ठिकानों पर लक्षित छापेमारी की।
एस.एस.पी. डॉ. प्रज्ञा जैन ने बताया कि इस संयुक्त कार्रवाई के दौरान अब तक कुल 151 आरोपियों को राउंड-अप किया गया है और उनसे पूछताछ कर उनकी आपराधिक गतिविधियों की जांच और पुष्टि की जा रही है। इस दौरान संगठित अपराध से जुड़े 08 सक्रिय गिरोहों के कुल 45 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
उन्होंने बताया कि इसके अलावा चोरी के मामलों में 05 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि नशे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 04 अलग-अलग मामले दर्ज कर 08 आरोपियों को काबू किया गया है। इसके साथ ही आर्म्स एक्ट, हत्या, हत्या के प्रयास और अन्य संगीन अपराधों में वांछित 16 आरोपी, 21 रिपीट ऑफेंडर, 17 भगोड़े अपराधी और आपराधिक तत्वों के 02 सहयोगी भी गिरफ्तार किए गए हैं।




