
भोपाल: प्रदेश में बदलते मौसम के कारण हवाओं की दिशा पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी हो गई है, जिससे दिन और रात के तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी होने लगी है। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, 1 फरवरी से प्रदेश का मौसम करवट ले सकता है। कई जिलों में बादल छाए रहेंगे, जबकि ग्वालियर, चंबल, इंदौर और उज्जैन संभाग में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। बुधवार को सबसे ठंडा इलाका उमरिया रहा, जहां तापमान 7.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, हिल स्टेशन पचमढ़ी में पारा 10.4 डिग्री सेल्सियस रहा। राजधानी भोपाल समेत 10 शहरों में रात का तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया, जबकि दिन में सबसे गर्म मंडला रहा, जहां तापमान 32 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।
मौसम विभाग के अनुसार, इस समय एक पश्चिमी विक्षोभ पाकिस्तान और आसपास के क्षेत्रों में हवा के ऊपरी हिस्से में चक्रवात के रूप में सक्रिय है, जिससे एक द्रोणिका भी जुड़ी हुई है। इसके अलावा, दक्षिणी हरियाणा के ऊपर भी एक चक्रवात बना हुआ है। उत्तर-पश्चिम भारत के ऊपर तेज गति से बहने वाली जेट स्ट्रीम भी सक्रिय है, जो 12.6 किलोमीटर की ऊंचाई पर 278 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही है। आने वाले दिनों में मौसम और बदलाव ला सकता है। 1 और 3 फरवरी को दो नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की संभावना है। गुरुवार और शुक्रवार को तापमान में और इजाफा हो सकता है। 1 फरवरी से प्रदेश के कई हिस्सों में बादल छाने लगेंगे और कुछ जगहों पर हल्की बारिश भी हो सकती है। यह बदलाव 4 से 5 फरवरी तक जारी रहने की संभावना है।