मध्यप्रदेश

मध्य प्रदेश में बदला मौसम, भोपाल-उज्जैन समेत 20 जिलों में बारिश, फसलों को पहुंचा नुकसान

भोपाल,। मध्य प्रदेश में एक बार फिर मौसम ने करवट ले ली है। नए सिस्टम के सक्रिय होने से फरवरी महीने में तीसरी बार बारिश और ओलावृष्टि का दौर शुरू हो गया है। पिछले 12 घंटों में भोपाल, इंदौर, ग्वालियर और उज्जैन सहित 20 से ज्यादा जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश दर्ज की गई, जिससे ठंड का असर फिर बढ़ गया है।

गुरुवार सुबह राजधानी भोपाल में अचानक बादल छा गए और करीब डेढ़ घंटे तक रुक-रुक कर कभी हल्की तो कभी तेज बारिश होती रही। ठंडी हवाओं के कारण दिन के तापमान में गिरावट के आसार हैं। बेमौसम बारिश और तेज आंधी से कई जिलों में खेतों में खड़ी फसलें आड़ी हो गई हैं। इससे दानों की गुणवत्ता और उत्पादन प्रभावित होने की आशंका है। कुछ क्षेत्रों में ओलावृष्टि से भी नुकसान की खबरें सामने आई हैं, जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई है। प्रदेश में खजुराहो सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान 9.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राजगढ़ में 10.0 डिग्री और पचमढ़ी में 10.2 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड हुआ, जिससे ठिठुरन बढ़ गई।

मौसम विभाग के अनुसार, भोपाल, दतिया, गुना, ग्वालियर, इंदौर, रतलाम, श्योपुर, उज्जैन, धार, विदिशा, बड़वानी, आगर-मालवा, शाजापुर, मुरैना, छतरपुर, शिवपुरी, सीहोर और मंदसौर सहित कई जिलों में बारिश दर्ज की गई। पूर्वानुमान है कि 20 फरवरी को ग्वालियर, चंबल और सागर संभाग के 8 जिलों में बारिश और बिजली गिरने की संभावना है। जबकि 21 फरवरी को मौसम साफ रहने का अनुमान है।

जिलों के मौसम का हाल

इंदौर में बुधवार को हल्की बारिश के बाद गुरुवार सुबह ठंड बढ़ गई है। रतलाम में भी दो दिन से बदले मौसम के बीच बुधवार रात बूंदाबांदी हुई। धार में देर रात तेज हवा और बारिश से ग्रामीण इलाकों में फसलें प्रभावित हुईं। शुजालपुर में बुधवार रात से रुक-रुक कर बारिश, सुबह तक हल्की फुहारें जारी रहीं। गंजबासौदा में सुबह 5 बजे से चार घंटे तक रिमझिम बारिश हुई। ग्वालियर में बारिश के बाद दिन-रात के तापमान में गिरावट आयी है।

वहीं, आगर मालवा में बुधवार रात आधे घंटे तक बारिश हुई। मुरैना में रात की बारिश से सर्दी दोबारा लौटी। भिंड (आलमपुर) में देर रात हल्की बारिश से मौसम सुहावना हो गया है। शिवपुरी में रुक-रुककर बारिश से सड़कों पर जलभराव, आवागमन प्रभावित हुआ। सीहोर में रात 10 बजे से कभी तेज तो कभी हल्की बारिश का सिलसिला जारी रहा। फिलहाल प्रदेश में मौसम का मिजाज बदला हुआ है और ठंडी हवाओं के चलते लोगों को दोबारा सर्दी का एहसास हो रहा है।

Related Articles

Back to top button