आईसीसी टी-20 विश्व कप: सुपर-8 चरण का पहला मुकाबला आज न्यूजीलैंड और पाकिस्तान के बीच

आईसीसी टी20 क्रिकेट विश्व कप में सुपर 8 चरण आज से शुरू हो रहा है। सुपर 8 चरण के पहले मुकाबले में न्यूजीलैंड का सामना पाकिस्तान से कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में होगा। यह मुकाबला भारतीय समयानुसार शाम 7 बजे शुरू होगा।
वहीं, भारत सुपर 8 में अपना पहला मैच कल दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेलेगा।
सुपर 8 चरण के ग्रुप 1 में भारत, जिम्बाब्वे, वेस्टइंडीज और दक्षिण अफ्रीका शामिल हैं, जबकि ग्रुप 2 में पाकिस्तान, श्रीलंका, इंग्लैंड और न्यूजीलैंड हैं। प्रत्येक टीम अपने ग्रुप की तीन प्रतिद्वंद्वी टीमों से खेलेगी और शीर्ष दो टीमें नॉकआउट सेमीफाइनल में पहुंचेंगी।
इससे पहले, ऑस्ट्रेलिया ने कल रात ओमान को 9 विकेट से हरा दिया। यह मैच श्रीलंका के पल्लेकेले अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेला गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए ओमान ने 105 रन का लक्ष्य दिया।
इसके जवाब में ऑस्ट्रेलिया ने नौ ओवर और चार गेंदों में ही लक्ष्य हासिल कर लिया। ऑस्ट्रेलिया के मिचेल मार्श ने नाबाद 64 रनों का योगदान दिया, जबकि एडम जैम्पा ने 4 विकेट लिए। एडम जैम्पा को प्लैयर ऑफ द मैच चुना गया।



