टीम इंडिया ने टी20 विश्व कप में रच दिया इतिहास, पहली बार बना ये वर्ल्ड रिकॉर्ड

टीम इंडिया ने टी20 विश्व कप में अनोखा करिश्मा किया है। जो काम रोहित शर्मा ने जहां से छोड़ा था, उसे आगे बढ़ाने का काम सूर्यकुमार यादव ने बाखूबी किया है। टी20 विश्व कप के इतिहास में कभी ऐसा नहीं हुआ था, जो काम भारतीय टीम ने इस आईसीसी टूर्नामेंट में कर दिखाया है। भारत ऐसी पहली टीम बन गई है, जिसने टी20 विश्व कप में लगातार 12 मैच जीतने में कामयाबी हासिल की है।
रोहित शर्मा की कप्तानी में टीम इंडिया ने बिना कोई मैच हारे जीता था टी20 विश्व कप 2024 का खिताब
भारतीय टीम ने साल 2024 का टी20 विश्व कप जीता था। खास बात ये रही कि तब रोहित शर्मा की कप्तानी में टीम इंडिया लगातार अपने सभी सात मैच जीतकर फाइनल में पहुंची थी। इसके बाद आठवें मैच में फाइनल में साउथ अफ्रीका को हराकर खिताब पर भी कब्जा करने में कामयाबी हासिल की। इसके बाद जब इस साल यानी 2026 का आगाज हुआ तो यहां भारत ने पहले मैच से लेकर अब तक लगातार जीत का सिलासिला आगे बढ़ाया है। यानी जहां से रोहित ने छोड़ था, सूर्या ने वहीं से आगे बढ़ाया है।
टीम इंडिया ने साल 2026 में अब तक जीत लिए हैं चार लगातार मैच
भारतीय क्रिकेट टीम ने इस साल के टी20 विश्व कप में अपना पहला मैच यूएसए से खेला था, उसमें जीत के बाद दूसरे मैच में नामीबिया को भी हराया। तीसरा मैच सबसे ज्यादा अहम था। इसके लिए टीम इंडिया को कोलंबो जाना पड़ा। वहां पाकिस्तान को 61 रनों से हराकर भारतीय टीम ने न केवल अपने जीत के रथ को जारी रखा, वहीं सुपर 8 में भी अपनी जगह पक्की कर ली। इसके बाद अब नीदरलैंड्स को हरा दिया है। यानी पिछले विश्व कप के आठ मैच और इस बार के अब तक 4 मैच। इस तरह से भारत ने 12 मैच जीते हैं। टी20 विश्व कप के इतिहास में कभी ऐसा नहीं हुआ है कि किसी टीम ने बिना कोई मैच हारे 12 मुकाबले जीत लिए हों।




