Sports News: दिल्ली कैपिटल्स ने मुंबई को 10 रन से हराया

नई दिल्ली। अरुण जेटली क्रिकेट स्टेडियम में दिल्ली कैपिटल्स की पिक्चर सुपरहिट रही। एकतरफा मुकाबले में दिल्ली ने मुंबई इंडियंस को हाई-स्कोरिंग मुकाबले में 10 रन से हराया। दिल्ली से मिले 258 रन के लक्ष्य के जवाब में मुंबई की टीम 20 ओवर में 9 विकेट खोकर स्कोर बोर्ड पर 247 रन ही लगा सकी। लगातार दूसरी जीत से कप्तान ऋषभ पंत गदगद नजर आए। पंत ने जैक फ्रेजर मेकगर्क की तूफानी बल्लेबाजी की जमकर तारीफ की।
दिल्ली ने किया हार का हिसाब चुकता
दिल्ली कैपिटल्स ने मुंबई इंडियंस को 10 रन से हराते हुए वानखेड़े में मिली हार का हिसाब चुकता किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए दिल्ली ने 20 ओवर में 4 विकेट खोकर स्कोर बोर्ड पर 257 रन लगाए। टीम की ओर से जैक फ्रेजर ने 84 रन जड़े, तो ट्रिस्टन स्टब्स ने 25 गेंदों पर 48 रन की तूफानी पारी खेली। मुंबई की टीम 258 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए 9 विकेट खोकर 247 रन ही बना सकी।