गर्मी में श्री दरबार साहिब नतमस्तक होने वाली संगत को राहत, मिलेगी खास सुविधा

अमृतसर : देश और विदेश से लाखों श्रद्धालु रोजाना श्री दरबार साहिब नतमस्तक होते हैं। श्री दरबार साहिब में इन दिनों बढ़ती गर्मी के बीच मुंबई से आई सिख संगत ने श्रद्धालुओं की सेवा में पहल की है। मुंबई की संगत ने गर्मी में आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पांच अत्याधुनिक पंखे भेंट किए हैं।
बताया जा रहा है ये पंखे विशेष रूप से डिजाइन किए गए हैं, जो परिसर में हवा का तेज प्रवाह सुनिश्चित करते हुए श्रद्धालुओं को तेज धूप और गर्मी से राहत प्रदान करेंगे। खास तौर पर परिक्रमा और इमारत के आसपास के क्षेत्रों में इन्हें लगाया जाएगा जिससे गर्मी के मौसम में श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा। संगत के सदस्यों ने बताया कि गर्मियों में बढ़ती तपिश के कारण श्रद्धालुओं को होने वाली असुविधा को देखते हुए यह सेवा समर्पित की गई है।




