संजय सेतु के विकल्प में डबल लेन पीपा पुल का संशोधित प्रस्ताव शासन को प्रेषित

बाराबंकी। उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में घाघरा नदी पर स्थित संजय सेतु की जर्जर स्थिति को देखते हुए वैकल्पिक व्यवस्था के रूप में प्रस्तावित डबल लेन पीपा पुल का संशोधित प्रस्ताव लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने पुनः शासन को भेज दिया है। पूर्व में 8.96 करोड़ रुपये की लागत से तैयार प्रस्ताव पर आपत्ति के बाद विभाग ने 72 लाख रुपये की कटौती कर नया प्रस्ताव करीब 8.24 करोड़ रुपये का प्रस्तुत किया है।
एनएचएआई के अवर अभियंता अनंत मौर्य के अनुसार संशोधित एस्टीमेट में लागत घटाए जाने से स्वीकृति की संभावना बढ़ गई है। स्वीकृति मिलते ही निर्माण कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा। विभागीय अनुमान के अनुसार पीपा पुल का निर्माण लगभग एक माह में पूर्ण किया जा सकता है।
गौरतलब है कि संजय सेतु लगभग 1200 मीटर लंबा और करीब 42 वर्ष पुराना है। सेतु के कई जोड़ों में क्षति के कारण मरम्मत कार्य आवश्यक हो गया है। मरम्मत के दौरान यातायात बाधित न हो, इसके लिए डबल लेन पीपा पुल की योजना बनाई गई है। निर्माण के लिए आवश्यक पीपे प्रयागराज से मंगाए जाएंगे।
स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों ने प्रशासन से शीघ्र स्वीकृति प्रदान कर निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की है, ताकि आवागमन सुचारु रूप से जारी रह सके और किसी भी आकस्मिक स्थिति से बचा जा सके।




