रायपुर पुलिस ने 20 लाख के 100 गुम मोबाइल मालिकों को लौटाए

रायपुर। रायपुर कमिश्नरेट की एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट को गुम मोबाइल तलाशने में बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने करीब 20 लाख रुपये कीमत के 100 गुम मोबाइल फोन बरामद कर उन्हें उनके असली मालिकों को सौंप दिया।
पुलिस के अनुसार ये मोबाइल उत्तर प्रदेश, मध्यप्रदेश, राजस्थान, ओडिशा, महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल, झारखंड, दिल्ली और बिहार सहित विभिन्न राज्यों से बरामद किए गए। मोबाइल मिलने पर उनके मालिकों ने पुलिस का आभार जताया।
पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) के निर्देश पर चलाए गए विशेष अभियान के तहत एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट ने तकनीकी विश्लेषण और अन्य राज्यों की पुलिस के सहयोग से मोबाइल बरामद किए। वर्ष 2026 में अब तक करीब 60 लाख रुपये कीमत के 300 गुम मोबाइल फोन ढूंढकर लोगों को वापस किए जा चुके हैं।
पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि मोबाइल गुम होने पर तुरंत CEIR पोर्टल (www.ceir.gov.in
) पर जानकारी दर्ज करें और नजदीकी थाना या साइबर सेल से संपर्क करें, ताकि मोबाइल का किसी अपराध में उपयोग न हो सके।




