
उत्तराखंड : उत्तराखंड में इस समय मौसम में एक बड़ा बदलाव देखा जा रहा है। पूरी राज्य में जबरदस्त ठंड ने लोगों को परेशान कर रखा है। दिन में धूप से थोड़ी राहत मिल रही है, लेकिन सुबह और शाम की सर्दी इतनी बढ़ गई है कि बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। मौसम विभाग ने आज बारिश के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, 22 जनवरी को देहरादून, पौड़ी, रुद्रप्रयाग, चमोली, उत्तरकाशी, टिहरी, अल्मोड़ा, बागेश्वर, पिथौरागढ़, चंपावत और उधम सिंह नगर जिलों में हल्की बारिश हो सकती है। इसके साथ ही, देहरादून, हरिद्वार, पौड़ी, टिहरी, नैनीताल और उधम सिंह नगर में कहीं-कहीं तेज़ गर्जन के साथ बिजली भी चमक सकती है। इस वजह से येलो अलर्ट जारी किया गया है। मंगलवार का तापमान कैसा था? मंगलवार को देहरादून का अधिकतम तापमान 23.1 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस था। पंतनगर में अधिकतम तापमान 23.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 4.0 डिग्री था। वहीं, मुक्तेश्वर में अधिकतम तापमान 18.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 8.6 डिग्री सेल्सियस रहा। नई टिहरी में अधिकतम तापमान 17.3 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 8.8 डिग्री सेल्सियस रहा।