मध्यप्रदेश

राष्ट्रपति मुर्मू आज से मप्र के दो दिवसीय प्रवास पर, इंदौर करेगा मेजबानी

भोपाल। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज (बुधवार) दो दिवसीय मध्य प्रदेश के प्रवास पर आ रही हैं। इंदौर के लिए दो दिन खास रहेंगे। इन दो दिनों के लिए राष्ट्रपति की इंदौर मेजबानी करेगा। इस दौरान वे उज्जैन पहुंचकर भगवान महाकाल के दर्शन भी करेंगी। प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज सायंकाल इंदौर आएंगी। वे यहां प्रथम दिन मृगनयनी मध्यप्रदेश एम्पोरियम पहुंचकर प्रदेश के उन नेशनल अवार्ड एवं पदमश्री सम्मानित शिल्पकारों-आर्टिजन्स से रूबरू होंगी, जिन्होंने अपने हुनर से नाम कमाया है। वे यहां प्रदेश की पारंपरिक, कलात्मक माहेश्वरी, चंदेरी, कोसा आदि साड़ियों का अवलोकन भी करेंगी। राष्ट्रपति इंदौर में ही रात्रि विश्राम करेंगी। राष्ट्रपति मुर्मू 19 सितंबर को पूर्वान्ह उज्जैन के लिए प्रस्थान करेंगी और वहां आयोजित कार्यक्रम में भाग लेंगी। राष्ट्रपति द्वादश ज्योतिर्लिंग में से एक विश्व प्रसिद्ध भगवान महाकालेश्वर मंदिर में दर्शन भी करेंगी। राष्ट्रपति उज्जैन के रूद्राक्ष होटल परिसर में सफाई मित्रों से संवाद कर उन्हें सम्मानित करेंगी। राष्ट्रपति उज्जैन में ही उज्जैन-इन्दौर सिक्सलेन का भूमिपूजन, श्रीमहाकाल लोक का भ्रमण कर श्रीमहाकाल लोक के मूर्तिकारों से संवाद भी करेंगी। दोपहर बाद राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू पुनः इंदौर आकर देवी अहिल्या विश्वविद्यालय इंदौर के दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी। इसके बाद राष्ट्रपति सायंकाल इंदौर से प्रस्थान करेंगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button