
उत्तराखण्ड: उत्तरकाशी के बड़कोट में नगर पालिका अध्यक्ष विनोद डोभाल और उनके एक साथी पर एक युवक से मारपीट और हत्या की कोशिश का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर पुरोला के न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। हाल ही में हुए नगर निकाय चुनाव में विनोद डोभाल ने निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में जीत हासिल की थी। वे यमुनोत्री के विधायक संजय डोभाल के भाई हैं, जो खुद भी निर्दलीय चुनाव जीतकर विधायक बने थे। इस घटना के बाद राजनीतिक माहौल गरमा गया है, और विपक्षी दल इसे सियासी रंग देने में जुट गए हैं। चूंकि शिकायतकर्ता एक राष्ट्रीय दल से जुड़े हैं, इसलिए मामला अब राजनीतिक तूल पकड़ता जा रहा है। वहीं, क्षेत्र में चर्चा है कि दोनों के बीच पहले से ही रंजिश चल रही थी, जिसके चलते विवाद इतना बढ़ गया।
घटना मंगलवार देर रात की बताई जा रही है। आरोप है कि नगर पालिका अध्यक्ष विनोद डोभाल और उनके साथी अंकित रमोला ने प्रवीण रावत की गाड़ी को जानबूझकर टक्कर मारी। इस घटना के बाद दोनों पक्षों में कहासुनी हुई, जो धीरे-धीरे झगड़े में बदल गई। प्रवीण रावत ने आरोप लगाया कि विनोद डोभाल और उनके साथी ने न सिर्फ गाड़ी को टक्कर मारी, बल्कि उन्हें जान से मारने की भी कोशिश की। पुलिस ने प्रवीण रावत की शिकायत के आधार पर दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें हिरासत में ले लिया। बुधवार को दोनों को न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।