अयोध्या रेप केस में मोईद खान बरी; योगी सरकार पर अखिलेश का हमला, कहा- ”नाइंसाफी भाजपा सरकार की पहचान बन चुकी है”

लखनऊ: समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर जोरदार हमला बोलते हुए कहा है कि बुलडोज़र अब विकास नहीं, बल्कि नकारात्मक और विध्वंसकारी सोच का प्रतीक बन चुका है। उन्होंने सवाल किया कि क्या ‘भेदकारी भाजपा’ के पास कोई ऐसा बुलडोज़र भी है, जो लोगों के टूटे घर बना दे और उनके मान-सम्मान की छत दोबारा खड़ी कर दे।
‘सरकार को लोगों की मदद और पुनर्वास पर ध्यान देना चाहिए’
अखिलेश यादव ने शुक्रवार को एक्स पर लिखा ‘ सत्ताधीश अपने ऊपर लगे मुकदमे तो हटवा सकते हैं, लेकिन जो अन्याय और पाप किए गए हैं, उनका हिसाब ऊपरवाले की अदालत में लिखा जा रहा है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि इतना अन्याय करके कोई चैन की नींद कैसे सो सकता है।’ सपा अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि नाइंसाफ़ी भाजपा सरकार की पहचान बन चुकी है और एकतरफा, पक्षपातपूर्ण रवैया अपने आप में गुनाह है। उन्होंने कहा कि भाजपा राज में बुलडोज़र गरीबों और कमजोरों के खिलाफ कारर्वाई का औजार बन गया है, जबकि सरकार को लोगों की मदद और पुनर्वास पर ध्यान देना चाहिए।
‘भाजपा की हार साफ दिखाई दे रही है’
अखिलेश यादव ने दावा किया कि भाजपा की सियासत जिस तरह अन्याय कर रही है, उससे उसकी हार साफ दिखाई दे रही है। उन्होंने कहा कि ‘भाजपाई अन्याय हारेगा’ और जनता सच को समझ चुकी है। अपने बयान के अंत में उन्होंने भाजपा और उसके सहयोगियों को चेताते हुए कहा कि साज़शि से बड़ी हमेशा सच्चाई होती है।




