मध्यप्रदेश

मोदी सरकार की अमेरिका ट्रेड डील किसानों के लिए घातक: जीतू पटवारी

भाेपाल। अमेरिका के साथ केंद्र सरकार द्वारा की गई ट्रेड डील को लेकर कांग्रेस ने तीखा विरोध जताया है। मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले की भितरवार विधानसभा के मोहना में शनिवार काे आयोजित “किसान आक्रोश रैली” में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने इसे किसानों के हितों के खिलाफ बताते हुए जनविरोधी समझौता करार दिया। यह रैली पूर्व मंत्री लखन सिंह यादव द्वारा आयोजित की गई थी, जिसमें बड़ी संख्या में किसान और कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए।

रैली को संबोधित करते हुए जीतू पटवारी ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अमेरिकी दबाव में समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं। उन्होंने कहा, “यह ट्रेड डील किसानों के गले पर तलवार रखकर की गई है। इससे उनकी फसल, मेहनत और भविष्य पर सीधा खतरा मंडरा रहा है।” पटवारी ने यह भी दावा किया कि इस समझौते से देश के स्वाभिमान और किसानों के अधिकारों से समझौता किया गया है।

अन्य नेताओं ने भी साधा निशाना

रैली में पूर्व मंत्री जयवर्धन सिंह, कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव कुणाल चौधरी, राज्यसभा सांसद अशोक सिंह और पूर्व मंत्री पीसी शर्मा ने भी केंद्र सरकार की नीतियों की आलोचना की। नेताओं ने आरोप लगाया कि केंद्र की नीतियां किसानों को आर्थिक रूप से कमजोर कर रही हैं और कृषि क्षेत्र को विदेशी कंपनियों के हवाले किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री पर भी कसा तंज

जीतू पटवारी ने मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव पर भी निशाना साधते हुए कहा कि अव्यावहारिक दावों और बयानों से किसानों का भला नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी लगातार किसानों के हितों की लड़ाई लड़ रहे हैं और उनके निर्देशानुसार प्रदेश कांग्रेस घर-घर जाकर इस ट्रेड डील के प्रभावों की जानकारी किसानों तक पहुंचाएगी। रैली में क्षेत्रीय विधायक, जिला पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। कांग्रेस ने संकेत दिए हैं कि यदि केंद्र सरकार ने इस समझौते पर पुनर्विचार नहीं किया तो प्रदेशभर में आंदोलन तेज किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button