“लाभाण्डी में मियाँवाकी पौधरोपण अभियान: भोला राम साहू ने किया खोखो तालाब और संकल्प सोसायटी फेस-2 का निरीक्षण”

रायपुर – छत्तीसगढ़ शासन के नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग की पर्यावरण हितैषी मियांवाकी पौधरोपण अभियान योजना के अंतर्गत प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व और उप मुख्यमंत्री अरुण साव नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के मार्गदर्शन में रायपुर नगर पालिक निगम के पर्यावरण और उद्यानिकी विभाग के माध्यम से रायपुर नगर पालिक निगम क्षेत्र के अंतर्गत विभिन्न चिन्हित स्थानों पर सघन पौधरोपण अभियान चलाकर लगभग 30 हजार पौधे रोपित करने के निर्धारित किये गए लक्ष्य के अनुरूप समाज हित में पर्यावरण संरक्षण की दृष्टि से नगर पालिक निगम रायपुर की महापौर मीनल चौबे, पर्यावरण एवं उद्यानिकी विभाग के अध्यक्ष भोलाराम साहू, आयुक्त विश्वदीप के मार्गनिर्देशन में सघन पौधरोपण अभियान चलाया जा रहा है।
आज नगर पालिक निगम रायपुर की महापौर मीनल चौबे के निर्देश पर नगर निगम पर्यावरण एवं उद्यानिकी विभाग अध्यक्ष भोलाराम साहू ने रायपुर नगर निगम पर्यावरण एवं उद्यानिकी विभाग के माध्यम से खोखो तालाब पार और प्रधानमंत्री आवास योजना परिसर संकल्प सोसायटी फेस -2 लाभाण्डी में मियांवाकी पौधरोपण अभियान अंतर्गत किये गये सघन पौधरोपण का प्रत्यक्ष निरीक्षण किया। इस दौरान नगर निगम कार्यपालन अभियंता गजाराम कंवर एवं सहायक अभियंता आशीष श्रीवास्तव की उपस्थिति रही। पर्यावरण एवं उद्यानिकी विभाग अध्यक्ष ने अधिकारियों को मियांवाकी पौधरोपण अभियान के तहत निर्धारित लक्ष्य के अनुसार 30000 पौधों का रोपण शीघ्र समाज हित में पर्यावरण संरक्षण हेतु प्राथमिकता से करवाना एवं लगाये गये प्रत्येक पौधे की सुरक्षा व देखभाल व्यवस्थित तरीके से उनके वृक्ष बनते तक करवाना सुनिश्चित करने निर्देशित किया। यहां उल्लेखनीय है कि मियांवाकी पौधरोपण अभियान के अंतर्गत रायपुर नगर निगम क्षेत्र अंतर्गत खोखो तालाब पार, प्रधानमंत्री आवास योजना अंतर्गत संकल्प सोसायटी फेस-2 लाभाण्डी, वर्किंग वुमन हॉस्टल फुण्डहर में लगभग 15000 से अधिक पौधे रोपित किये जा चुके हैं. वहीं सरोना स्थित नगर निगम के डंपिंग यार्ड, गोकुल नगर गौठान योजना क्षेत्र में शीघ्र सघन पौधरोपण अभियान चलाने की तैयारी की जा रही है। नगर निगम आयुक्त विश्वदीप के निर्देश पर मियांवाकी पौधरोपण योजना में लगभग 30 हजार पौधे चिन्हित स्थानों पर रोपित किये जाने के अभियान की सतत मॉनिटरिंग अपर आयुक्त विनोद पाण्डेय, उपायुक्त जसदेव सिंह बाबरा, कार्यपालन अभियंता गजाराम कँवर द्वारा की जा रही है।





