अपराध / हादसा

छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में एक विधवा महिला से शराब पार्टी कर लौट रहे तीन युवकों ने गैंगरेप किया

छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में एक विधवा महिला से शराब पार्टी कर लौट रहे तीन युवकों ने गैंगरेप किया। पीड़िता जब इसकी शिकायत लेकर ग्रामीण स्तर पर पहुंची, तो ग्राम प्रमुखों ने आरोपियों से 40-40 हजार रुपए दंड लेकर मामले का रफा-दफा कर दिया। महिला को न्याय नहीं मिला तो वह बालोद थाने पहुंची, जहां तीनों युवकों के खिलाफ FIR दर्ज की गई।

दरअसल, पूरा मामला 22 फरवरी 2026 की रात का है। बालोद थाना क्षेत्र के एक गांव में आरोपी रोशन कुमार साहू (24 वर्ष) के घर शराब पार्टी चल रही थी। रोशन के घर से लौट रहे विकास सिन्हा (26 वर्ष) को नल के पास 37 वर्षीय विधवा महिला दिखाई दी।इसके बाद उसने अपने साथी कमल कुमार सेन (23 वर्ष) को फोन किया। दोनों मिलकर महिला को जबरन उठाकर करीब 300 मीटर दूर सुनसान स्थान पर ले गए। वहां रोशन को भी फोन कर बुलाया गया। इसके बाद तीनों आरोपियों ने महिला के साथ रात करीब 12 बजे तक बारी-बारी से दुष्कर्म किया।

ग्रामीण बैठक में 40-40 हजार रुपए में मामला दबाया

एसडीओपी बोनिफास एक्का ने बताया कि मामला पहले ग्रामीण स्तर पर समाज के बीच पहुंचा था। पीड़िता का आरोप है कि आरोपियों से 40-40 हजार रुपए दंड लेकर मामले को वहीं खत्म कर दिया गया। लेकिन जब उसे ग्रामीण स्तर पर न्याय नहीं मिला तो वह थाने पहुंची और शिकायत दर्ज कराई।

2 आरोपी गिरफ्तार, एक की तलाश जारी

मामला पुलिस तक पहुंचने के बाद 13 मार्च को FIR दर्ज की गई। एएसपी मोनिका ठाकुर ने बताया कि मामला बेहद गंभीर है। इस मामले में आरोपी विकास सिन्हा और कमल कुमार सेन को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि तीसरे आरोपी रोशन कुमार साहू की तलाश जारी है।

टीआई शिशुपाल सिन्हा ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 296, 115(2), 87, 70(1) तथा अनुसूचित जाति/जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम की धारा 3(2)(v) के तहत मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों को शनिवार को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।

पति के निधन के बाद मायके में थी महिला

जानकारी के मुताबिक महिला का विवाह प्रेम प्रसंग के तहत हुआ था, लेकिन पति के निधन के बाद वह अपने मायके में रह रही है। बताया जा रहा है कि आरोपी रोशन कुमार साहू (24 वर्ष) वार्ड क्रमांक 10 का पंच है, जबकि विकास सिन्हा (26 वर्ष) बाजार का ठेकेदार है और कमल कुमार सेन (23 वर्ष) पेशे से ड्राइवर है।

Related Articles

Back to top button