दिल्ली में आधी रात को हटाया गया फैज-ए-इलाही मस्जिद के पास अतिक्रमण, उपद्रवियों ने की पत्थरबाजी-5 पुलिसकर्मी घायल

दिल्ली में तुर्कमान गेट स्थित फैज-ए-इलाही मस्जिद के पास के इलाके में अतिक्रमण अभियान चलाया गया। दिल्ली उच्च न्यायालय के निर्देशों का पालन करते हुए एमसीडी ने मंगलवार देर रात अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया। दिल्ली नगर निगम (MCD) ने बुधवार को तुर्कमान गेट के पास स्थित 0.195 एकड़ भूमि पर बने दरगाह और सैयद फैज इलाही मस्जिद के आसपास की इमारतों को ध्वस्त किया। दिल्ली उच्च न्यायालय ने मंगलवार को विध्वंस पर किसी भी प्रकार की अंतरिम रोक लगाने से इनकार कर दिया था।
मध्य रेंज के संयुक्त पुलिस आयुक्त मधुर वर्मा ने न्यूज एजेंसी पीटीआई भाषा को बताया, “अभियान के दौरान, कुछ उपद्रवियों ने पत्थरबाजी करके अशांति फैलाने का प्रयास किया। संयमित और न्यूनतम बल प्रयोग करके स्थिति को तुरंत नियंत्रण में लाया गया और बिना किसी तनाव के सामान्य स्थिति बहाल की गई।”
अभियान के दौरान कुछ लोगों ने कथित तौर पर पथराव किया जिससे घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने बाद में कहा कि संयमित बल प्रयोग से स्थिति को नियंत्रण में लाया गया। पुलिस के अनुसार, कानून-व्यवस्था के व्यापक इंतजाम पहले से ही किए गए थे और वरिष्ठ अधिकारियों को कई क्षेत्रों में तैनात किया गया था। स्थानीय शांति समितियों के सदस्यों के साथ समन्वय बैठकें भी की गईं। पुलिस ने एक बयान में कहा कि स्थिति अब सामान्य है।




