खेल

अमेलिया केर को मिला प्लेयर ऑफ द मैच और प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का खिताब

नई दिल्ली। न्यूजीलैंड ने रविवार, 20 अक्टूबर को दुबई में कमाल कर दिया। न्यूजीलैंड को चैंपियन बनाने में अमेलिया केर ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। केर ने कुल 15 विकेट लेकर एक अनोखा रिकॉर्ड भी बनाया। केर महिला टी20 वर्ल्ड कप के एक एडिशन में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली पहली गेंदबाज बनीं।
अमेलिया ने फाइनल में 43 रन की पारी खेली और चार ओवर में तीन अहम विकेट भी लिए। साथ ही कुल 6 मैच में 135 रन बनाए। केर को बल्ले और गेंद से उम्दा प्रदर्शन के चलते प्लेयर ऑफ द मैच और प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का खिताब मिला।
17 साल की उम्र में रचा इतिहास
अमेलिया केर ने महिला टी20 वर्ल्ड कप में हरफनमौला प्रदर्शन किया। लीग स्टेज में केर ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 4 ओवर में चार विकेट चटकाए थे। सेमीफाइनल में वेस्टइंडीज के खिलाफ बेजोड़ प्रदर्शन किया। अमेलिया केर को 17 साल की कम उम्र में बल्ले से किए गए अपने कमाल के लिए जाना जाता है, जहां आयरलैंड के खिलाफ वनडे मैच में उन्होंने महिला वनडे में सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर का 21 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ा था।
डिप्रेशन का हुईं शिकार
उस समय यह रिकॉर्ड बेलिंडा क्लार्क के नाम था। अमेलिया ने 13 जून, 2018 को आयरलैंड के खिलाफ खेले गए वनडे मैच में नाबाद 232 रन बनाए। केर महिला वनडे क्रिकेट में दोहरा शतक लगाने वाली सबसे कम उम्र की खिलाड़ी थीं। मानो यह काफी चौंकाने वाला था। मैदान पर, केर की उपलब्धियां तो सभी को शायद याद हों, लेकिन मैदान के बाहर उन्होंने जो संघर्ष किया, वही अमेलिया केर को भविष्य की GOAT बनाता है। जुलाई 2021 में अमेलिया केर ने अपने मानसिक स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए इंग्लैंड दौरे से अपना नाम वापस ले लिया था।
सोफी डिवाइन को मानती हैं रोल मॉडल
उस समय सिर्फ 21 साल की अमेलिया केर ने ना केवल डिप्रेशन का सामना किया, बल्कि बाद में एक पहल (outoftherough.nz) भी शुरू की, जो मानसिक स्वास्थ्य समस्याओं से पीड़ित लोगों की मदद करती है। एक इंटरव्यू में अमेलिया ने बताया था कि इंग्लैंड दौरे के दौरान, केर की रोल मॉडल और कप्तान सोफी डिवाइन नियमित रूप से उनके हेल्थ की अपडेट लेती रहती थीं।
सूजी बेट्स हैं पक्की वाली दोस्त
अमेलिया केर का सोफी और सूजी दोनों के साथ एक बहुत ही खास रिश्ता है। सोफी में, वह एक गुरु और अपना आदर्श देखती है, जबकि सूजी में, बेहतरीन दोस्त, जिन्होंने उनके खेल में सुधार किया और साथ खेलने के दौरान परिस्थितियों से निपटने की कला सिखाई। फाइनल में इस कला का खूब प्रदर्शन देखने को मिला। चोटिल होने के बावजूद गेंदबाजी की जिम्मेदारी ली और टीम के लिए ऐतिहासिक जीत की नींव रख दी।

जीत के बाद रो पड़ी केर
न्यूजीलैंड ने साउथ अफ्रीका को 32 रन से हराकर महिला टी20 वर्ल्ड कप 2024 का खिताब अपने नाम कर लिया। साउथ अफ्रीका का लगातार दूसरी बार दिल टूट गया। इससे पहले साल 2023 में ऑस्ट्रेलिया ने फाइनल में हराया था। न्यूजीलैंड के लिए यह कितना अविश्वसनीय पल था। कप्तान डिवाइन, लंबे समय से दोस्त और टीम की साथी सूजी बेट्स को गले लगाने के बाद भावुक हो गईं। अमेलिया केर भी रो पड़ी।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Instagram बना बैटरी का दुश्मन! Android यूजर्स के लिए जरूरी अलर्ट Mivi के ये SuperPods : कम दाम में बेस-हैवी, 60 घंटे बैटरी और Dolby का कमाल