
दिल्ली आज: राजधानी दिल्ली के प्राइवेट स्कूलों में फीस बढ़ने का मुद्दा गरमा गया है। सरकार इस पर क्या कह रही है? साथ ही, सुल्तानपुर माजरा के पूर्व कांग्रेस विधायक जय किशन का देर रात निधन हो गया। चलिए, आज की कुछ ज़रूरी खबरें देखते हैं… दिल्ली के प्राइवेट स्कूलों में फीस बढ़ाने को लेकर बवाल मचा हुआ है। मनमानी फीस बढ़ाने से पेरेंट्स बहुत नाराज़ हैं। प्राइवेट स्कूलों की फीस में बढ़ोतरी अब सिर्फ़ पढ़ाई-लिखाई का मुद्दा नहीं रहा, बल्कि राजनीति भी गरमा गई है। सरकार और विपक्ष दोनों ही इस पर अपनी-अपनी बातें कर रहे हैं, जबकि पेरेंट्स अपने बच्चों के भविष्य को लेकर परेशान हैं। बच्चों को पढ़ाना अब एक बुरा सपना बन गया है: पूर्व शिक्षा मंत्री मनीष सिसोदिया ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि दिल्ली में बच्चों को पढ़ाना अब पेरेंट्स के लिए एक बुरा सपना बन गया है। फीस की लूट मची है, और बीजेपी सरकार बेशर्मी से शिक्षा माफिया का साथ दे रही है। माता-पिता सड़कों पर हैं, और सरकार कॉरपोरेट स्कूलों के साथ खड़ी है। ये सरकार बच्चों के भविष्य की नहीं, बल्कि चंदा देने वालों की चिंता कर रही है। शिक्षा का धंधा हो रहा है, और सत्ता इसमें शामिल है। प्राइवेट स्कूलों की फीस पर सरकार का रुख: दिल्ली सरकार ने प्राइवेट स्कूलों की मनमानी फीस बढ़ाने के खिलाफ सख्त रवैया अपनाया है। सरकार का कहना है कि शिक्षा एक ज़रूरी हक है और इसे मुनाफे का जरिया नहीं बनने दिया जाएगा। ऐसे स्कूलों को नोटिस भेजे जा रहे हैं। अगर नियमों का उल्लंघन हुआ तो उनकी मान्यता रद्द की जाएगी या सरकार स्कूल का मैनेजमेंट अपने हाथ में ले लेगी। दिल्ली सरकार का कहना है कि वो पेरेंट्स के साथ है और किसी भी प्राइवेट स्कूल को शोषण करने की इजाज़त नहीं देगी। शिक्षा में पारदर्शिता और जवाबदेही लाना सरकार की प्राथमिकता है। इस मामले में सरकार ने कुछ स्कूलों को नोटिस भेजे हैं और कई मामलों में फीस वापस करने के आदेश दिए गए हैं।
“बच्चों को क्लास से बाहर निकालना या उन पर दबाव डालना बिल्कुल गलत है। ऐसे मामलों में हम तुरंत एक्शन लेंगे।” सीएम रेखा गुप्ता ने बुधवार (16 अप्रैल) को X पर पोस्ट करते हुए बताया कि जनसंवाद कार्यक्रम के दौरान क्वीन मैरी स्कूल, मॉडल टाउन से जुड़ा एक मामला सामने आया, जिसमें पेरेंट्स ने गलत तरीके से फीस वसूली और बच्चों को स्कूल से निकालने की शिकायत की। इस पर तुरंत एक्शन लेते हुए संबंधित अधिकारियों को कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। हर बच्चे को न्याय, सम्मान और अच्छी शिक्षा मिलनी चाहिए: दिल्ली सरकार शिक्षा के क्षेत्र में पारदर्शिता, समान अवसर और बच्चों के अधिकारों की रक्षा के लिए पूरी तरह से तैयार है। किसी भी तरह के अन्याय, शोषण या गड़बड़ी को लेकर सरकार का रवैया है – Zero Tolerance, यानी कोई समझौता नहीं। हमारा मकसद साफ है – हर बच्चे को न्याय, सम्मान और अच्छी शिक्षा मिलनी चाहिए। सरकार किसी भी स्कूल को मनमानी करने की छूट नहीं देगी: शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने कहा, “सरकार किसी भी स्कूल को मनमानी करने की इजाज़त नहीं देगी। फीस बढ़ाने का हर फैसला नियमों के हिसाब से होना चाहिए। हम हर स्कूल की ऑडिट रिपोर्ट की जांच कर रहे हैं।” सुल्तानपुर माजरा के पूर्व विधायक का निधन: दिल्ली से एक और बड़ी खबर आई है। सुल्तानपुर माजरा विधानसभा क्षेत्र के पूर्व कांग्रेस विधायक जय किशन का देर रात निधन हो गया। उनके निधन से सुल्तानपुर माजरा और कांग्रेस पार्टी में शोक की लहर है। जागरण के मुताबिक, रात करीब 12:30 बजे उन्हें हार्ट अटैक आया था। इसके बाद उन्हें तुरंत संजय गांधी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बताया गया है कि आज गुरुवार को 1 बजे मंगोल पुरी के वाई ब्लॉक स्थित शवदाह गृह पर उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा, जहां कांग्रेस नेता और कार्यकर्ताओं के पहुंचने की संभावना है। आगे की जानकारी अपडेट की जाएगी।




