पंजाब

लुधियाना में दिनदहाड़े तेजधार हथियार से डेयरी संचालक से लूट

लुधियाना : इलाके में बेखौफ घूम रहे अपराधियों ने एक बार फिर पुलिसिया सुरक्षा के दावों की पोल खोल दी है। मेहरबान के इलाके कक्का रोड पर मोटरसाइकिल सवार दो अज्ञात बदमाशों ने एक डेयरी संचालक को अपना शिकार बनाया। लुटेरों ने तेजधार हथियार की नोक पर पीड़ित से उसका मोबाइल, पर्स और करीब 7 हजार रुपये की नगदी छीन ली और मौके से फरार हो गए। इस मामले में थाना मेहरबान की पुलिस ने अर्शदीप सिंह की शिकायत पर अज्ञात लोगों पर केस दर्ज कर लिया है।

शिकायत में अर्शदीप सिंह ने बताया कि वह 28 मार्च को अपने घर से मोटरसाइकिल पर सवार होकर अपनी डेयरी गांव कक्का जा रहा था। जब वह कक्का रोड पर स्थित भोडा कॉलोनी से थोड़ा आगे पहुँचा, तो पीछे से एक मोटरसाइकिल पर आए दो अज्ञात युवकों ने उसे घेर लिया। पीड़ित के अनुसार, बदमाशों ने उसे जबरन रोका और तेजधार हथियार की नोक पर डराया-धमकाया। विरोध करने पर लुटेरों ने उसके साथ मारपीट भी की। बदमाशों ने पीड़ित से उसका इनफिनिक्स (Infinix) कंपनी का मोबाइल फोन और उसका पर्स, जिसमें जरूरी दस्तावेजों के साथ 7 हजार रुपये की नगदी थी, जबरदस्ती छीन ली और रफूचक्कर हो गए। पुलिस ने इलाके में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की शिनाख्त की जा सके।

Related Articles

Back to top button