MP में वर्दी हुई शर्मसार! रिश्वतखोरी के आरोप में आरक्षक पंकज मिश्रा निलंबित

रीवा : पुलिस की कार्यप्रणाली पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। कानून और जनता की सुरक्षा की जिम्मेदारी संभालने वाली वर्दी इस बार खुद कटघरे में नजर आई है। रिश्वतखोरी के गंभीर आरोपों में सिविल लाइन थाने में पदस्थ आरक्षक पंकज मिश्रा को पुलिस अधीक्षक ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर पुलिस लाइन भेज दिया है।

जानकारी के अनुसार, 112 वाहन में तैनात आरक्षक पंकज मिश्रा पर नशीली कफ सिरप के एक आरोपी को छोड़ने के नाम पर 3 लाख रुपये रिश्वत लेने का आरोप है। इतना ही नहीं, आरोपी का मोबाइल छुड़ाने और ट्रैकिंग से बचाने के नाम पर अतिरिक्त डेढ़ लाख रुपये वसूले जाने के भी गंभीर आरोप सामने आए हैं।
सूत्रों के मुताबिक, ढेकहा निवासी रवि दहिया, जो कोरेक्स बेचने के मामले में फरार चल रहा था, उसे आरक्षक पंकज मिश्रा ने निजी अस्पताल के पास से उठाया। इसके बाद आरोपी को एक निजी होटल में ले जाकर नकद रिश्वत ली गई। पूरा लेन-देन बेहद सुनियोजित तरीके से किया गया।


