उत्तरप्रदेश

देवरिया मेडिकल कॉलेज में आकाश पांडे को न्याय दिलाने की मांग को लेकर कैंडल मार्च

देवरिया। महर्षि देवराहा बाबा स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय के एमबीबीएस छात्रों और चिकित्सकों ने मंगलवार की देर शाम हिट एंड रन केस में जान गंवाने वाले मृतक आकाश पांडे को न्याय दिलाने की मांग को लेकर कैंडल मार्च निकालकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया। यह कार्यक्रम प्राचार्य डॉ. रजनी पटेल की अध्यक्षता में आयोजित किया गया, जिसमें डॉ. श्वेता सिंह, डॉ. एच.के. मिश्रा, डॉ. प्रियंका राय, डॉ. शालिनी गुप्ता, डॉ. संजय भट्ट, डॉ. खुसरो नुमानी और डॉ. अंसी समेत कई चिकित्सक उपस्थित रहे।

कैंडल मार्च के दौरान बड़ी संख्या में मेडिकल छात्र-छात्राएं कॉलेज परिसर के मुख्य द्वार पर एकत्र हुए। सभी ने हाथों में मोमबत्तियां और पोस्टर लेकर आकाश पांडे को न्याय दिलाने की मांग की। छात्रों ने “आकाश पांडे को न्याय दो” जैसे नारे लिखे पोस्टर और बैनर के माध्यम से अपनी भावनाएं व्यक्त कीं।

प्रदर्शन कर रहे छात्रों का कहना था कि समाज ने एक होनहार और भविष्य के जीवनरक्षक को खो दिया है, जो बेहद दुखद है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि मामले की शीघ्र और निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

इस दौरान छात्रों और चिकित्सकों ने दिवंगत आकाश पांडे को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए दो मिनट का मौन भी रखा और उनके परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। कार्यक्रम शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ, जिसमें मेडिकल कॉलेज के अनेक छात्र-छात्राएं और चिकित्सक मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button