उत्तराखण्ड

ऑपरेशन रिकवरी में हरिद्वार पुलिस को बड़ी सफलता,120 मोबाइल बरामद

हरिद्वार। नवरात्र शुरू होने से एक दिन पहले हरिद्वार पुलिस ने ‘ऑपरेशन रिकवरी’ के तहत 120 खोए हुए मोबाइल फोन बरामद कर उनके मालिकों को लौटाए हैं। बरामद मोबाइल फोन की कुल कीमत लगभग 50 लाख रुपये आंकी गई है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर सभी थाना प्रभारियों को सीईआईआर पोर्टल पर दर्ज मोबाइल गुमशुदगी की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करने को कहा गया था। इसी क्रम में कोतवाली नगर प्रभारी निरीक्षक रितेश शाह के नेतृत्व में विशेष अभियान चलाया गया, जिसमें विभिन्न तकनीकी माध्यमों और सीईआईआर पोर्टल की सहायता से मोबाइल फोन बरामद किए गए।

पुलिस के अनुसार बरामद मोबाइल फोन उत्तराखंड के अलावा उत्तर प्रदेश, गुजरात, सिक्किम, महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, पंजाब, मध्य प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा और जम्मू-कश्मीर सहित विभिन्न राज्यों से प्राप्त किए गए हैं।

इनमें से 37 मोबाइल फोन ऐसे हैं,जिनके स्वामी दूरदराज राज्यों में रहने के कारण हरिद्वार नहीं पहुंच सके। ऐसे लोगों को उनके मोबाइल फोन कोरियर सेवा के माध्यम से भेजे जाएंगे। वहीं,अन्य राज्यों से पहुंचे कई मोबाइल स्वामी कोतवाली नगर में अपना फोन पाकर प्रसन्न दिखे और हरिद्वार पुलिस का आभार जताया।

हरिद्वार पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि मोबाइल फोन खोने की स्थिति में घबराने के बजाय तत्काल नजदीकी थाने में सूचना दें या सीईआईआर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते कार्रवाई कर मोबाइल वापस दिलाया जा सके।

Related Articles

Back to top button