खेल

IPL 2026: विराट कोहली ने मुकुल चौधरी को दी खास सलाह, सिर्फ छक्के मारना बड़ी बात नहीं

स्पोर्ट्स डेस्क : लखनऊ सुपर जायंट्स के युवा बल्लेबाज मुकुल चौधरी ने IPL 2026 के दौरान विराट कोहली से हुई खास बातचीत का खुलासा किया है। मुकुल ने बताया कि कोहली ने उन्हें सिर्फ बड़े शॉट खेलने की बजाय दबाव में मैच फिनिश करना सीखने की सलाह दी।

KKR के खिलाफ पारी से प्रभावित हुए कोहली

मुकुल चौधरी ने कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ शानदार मैच जिताऊ पारी खेलकर सबका ध्यान खींचा था। इसी पारी के बाद विराट कोहली ने उनसे बातचीत की और उनकी बल्लेबाजी की तारीफ की। मुकुल ने बताया, ‘विराट भाई ने कहा कि उन्होंने KKR के खिलाफ मेरी पारी देखी थी और जिस तरह मैंने मैच फिनिश किया, वह उन्हें पसंद आया।’

‘आजकल हर खिलाड़ी छक्का मार सकता है’

मुकुल के अनुसार, विराट कोहली ने आधुनिक क्रिकेट को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि आज के समय में सिर्फ छक्के मारना कोई बड़ी बात नहीं रह गई है। मुकुल ने बताया, ‘कोहली ने कहा कि अब हर युवा बल्लेबाज बड़े शॉट लगा सकता है, लेकिन असली खिलाड़ी वही होता है जो दबाव में मैच खत्म करना जानता हो।’

दबाव में शांत रहना सबसे जरूरी

विराट कोहली ने मुकुल को समझाया कि मुश्किल रन चेज़ के दौरान बल्लेबाज की असली परीक्षा होती है। मुकुल ने कहा, ‘उन्होंने बताया कि जब 170-180 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए लगातार विकेट गिर रहे हों और रन रेट बढ़ रहा हो, तब शांत रहकर मैच कंट्रोल करना सबसे अहम होता है।’

‘फिनिशिंग स्किल ही बड़े खिलाड़ी बनाती है’

युवा बल्लेबाज ने बताया कि कोहली ने उन्हें लगातार मैच फिनिश करने की कला सीखने पर ध्यान देने को कहा। मुकुल ने कहा, ‘विराट भाई ने कहा कि अगर आप दबाव में शांत रहकर टीम को जीत दिलाना सीख जाते हैं, तो वही आपको बड़ा खिलाड़ी बनाता है। उनकी यह बात मेरे दिल में बैठ गई।’

IPL 2026 में मुकुल ने किया प्रभावित

मुकुल चौधरी इस सीजन अपनी आक्रामक बल्लेबाजी और दबाव में संयम दिखाने की वजह से चर्चा में रहे हैं। LSG मैनेजमेंट भी उन्हें भविष्य के बड़े मैच फिनिशर के रूप में देख रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button