उत्तरप्रदेश

नहाने गए किशोरों समेत तीन की केन नदी में डूबने से मौत

बांदा। उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा में केन नदी एक बार फिर दर्दनाक हादसों की गवाह बनी। शुक्रवार को नदी में नहाने गए दो किशोरों समेत तीन लोगों की डूबने से मौत हो गई। एक किशोर का शव तत्काल निकाल लिया गया था, जबकि दूसरे किशोर और एक युवक का शव रेस्क्यू अभियान के बाद बरामद किया गया। घटनाओं के बाद परिवारों में कोहराम मच गया।

हमीरपुर जिले के मौदहा थाना क्षेत्र के पिपरौदा गांव निवासी बबलू अनुरागी अपनी पत्नी और बच्चों के साथ बांदा शहर के क्योटरा मोहल्ले में किराए के मकान में रहकर मजदूरी करता है। शुक्रवार दोपहर उसका 13 वर्षीय पुत्र प्रिंस अनुरागी अपने 08 वर्षीय भाई पीयूष और पड़ोसी 13 वर्षीय अनुज पुत्र राजबहादुर के साथ केन नदी स्थित विसर्जन घाट नहाने गया था।

पीयूष नदी किनारे बैठा रहा, जबकि प्रिंस और अनुज नदी में नहाने लगे। इसी दौरान पैर फिसलने से दोनों किशोर गहरे पानी में समा गए। काफी देर तक बाहर न आने पर आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया। शोर सुनकर गोताखोर सरवन, संतोष और अजय मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद प्रिंस को बाहर निकाला गया, जबकि अनुज लापता हो गया।

गंभीर हालत में प्रिंस को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। मृतक की मां अंजना ने बताया कि प्रिंस जूनियर हाईस्कूल में कक्षा छह का छात्र था और दो भाइयों में बड़ा था।

घटना की सूचना पर पुलिस, एसडीआरएफ और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। गोताखोरों ने घंटों रेस्क्यू अभियान चलाया। बाद में दूसरे किशोर अनुज का शव भी नदी से बरामद कर लिया गया।

इसी केन नदी में एक अन्य हादसे में महोबा जिले के ब्योरजा गांव निवासी 28 वर्षीय सुरेंद्र अहिरवार पुत्र रामप्रसाद की डूबने से मौत हो गई। सुरेंद्र बांदा में रहकर पेंटिंग का काम करता था। वह अपने दोस्त के साथ नदी में नहाने गया था।

नहाते समय उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में डूब गया। काफी देर तक बाहर न आने पर साथी ने शोर मचाया। आसपास के लोगों ने तलाश की, लेकिन कोई पता नहीं चला। बाद में पुलिस ने गोताखोरों की मदद से रेस्क्यू अभियान चलाकर उसका शव बरामद किया।

मृतक के भाई मनोज ने बताया कि सुरेंद्र दो भाइयों में छोटा था। वह अपने पीछे पत्नी रानी और एक पुत्र को छोड़ गया है।

कोतवाली नगर क्षेत्र की पुलिस, एसडीआरएफ और फायर ब्रिगेड की टीमों ने लगातार रेस्क्यू अभियान चलाया। अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि सूचना मिलते ही राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया गया था। दोनों बच्चों और युवक के शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button