Punjab में बड़ी वारदात! बड़े भाई ने छोटे भाई और भाभी की गोली मारकर की हत्या

गुरदासपुर : थाना काहनूवान के अधीन पड़ते गांव नैणेकोट में मंगलवार शाम जमीन-जायदाद को लेकर लंबे समय से चल रहे विवाद ने खूनी रूप धारण कर लिया। विवाद के चलते बड़े भाई ने अपने छोटे भाई और भाभी की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और शोक का माहौल है। मृतकों की पहचान अजयब सिंह और उसकी पत्नी कमल कौर के रूप में हुई है, जबकि हत्या के आरोप में अमरजीत सिंह उर्फ अंबा पुत्र हरभजन सिंह का नाम सामने आया है, जो मृतक अजयब सिंह का बड़ा भाई बताया जा रहा है।
मौके पर मौजूद परिवार के सदस्यों और रिश्तेदारों ने बताया कि तीनों भाइयों के बीच जमीन की बंटवारे को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। उन्होंने बताया कि दोनों परिवार पहले टाटा नगर (झारखंड) में रहते थे, लेकिन बाद में अपने पैतृक गांव नैणेकोट आकर अलग-अलग मोहल्लों में रहने लगे थे। पिछले करीब एक साल से नौ किल्ले जमीन के बंटवारे को लेकर पंचायत की ओर से कई बार समझौता करवाने की कोशिश की गई, लेकिन दोनों पक्षों में सहमति नहीं बन सकी।
मृतक के रिश्तेदार हरजीत सिंह ने बताया कि रंजिश के चलते अमरजीत सिंह ने पहले अजयब सिंह की गांव से बाहर एक पोल्ट्री फार्म की ओर जाने वाले रास्ते में गोली मारकर हत्या कर दी। इसके बाद उसने अजयब सिंह की पत्नी कमल कौर को घर में घुसकर गोली मार दी, जिससे उसकी भी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी गुरनाम सिंह और हल्का डीएसपी कुलवंत सिंह मान पुलिस पार्टी सहित मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी।
डीएसपी कुलवंत सिंह मान ने बताया कि शुरुआती जांच में हत्या का कारण जमीन के बंटवारे को लेकर चल रहा विवाद सामने आया है। उन्होंने कहा कि आरोपी अमरजीत सिंह को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। जांच के दौरान सामने आने वाले अन्य तथ्यों को भी सार्वजनिक किया जाएगा।