देश-विदेश

कोलकाता : TMC-भाजपा के हंगामे के बाद स्ट्रॉन्ग रूम की सुरक्षा बढ़ी, धारा 163 लागू

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजों से पहले कोलकाता में वोटों की हेराफेरी का आरोप लगाते हुए सत्तारूढ़ पार्टी TMC के कार्यकर्ताओं ने बीती रात खूब हंगामा किया। खुद ममता बनर्जी भी मौके पर पहुँच गईं जिसके बाद हालात तनावपूर्ण हो गए. इसके बाद कोलकाता पुलिस ने उन 7 क्षेत्रों में लोगों के इकट्ठा होने पर पाबंदी लगा दी है, जहां वोटों की गिनती होनी है। शहीद खुदीराम बोस रोड, जज कोर्ट रोड, जादवपुर, डायमंड हार्बर रोड, लॉर्ड सिन्हा हॉल, नरेश मित्र सारणी और प्रमथेश बरुआ सारणी में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 लगा दी है।

स्ट्रॉन्ग रूम के आसपास भी बढ़ाई गई सुरक्षा

कोलकाता के संयुक्त पुलिस आयुक्त (ट्रैफिक) रूपेश कुमार ने पत्रकारों से कहा, “एक अतिरिक्त आयुक्त और एक पुलिस उपायुक्त की देखरेख में अतिरिक्त CAPF और सशस्त्र पुलिस बलों को भी तैनात किया गया है।” तृणमूल कांग्रेस (TMC) द्वारा संदिग्ध गतिविधियों के आरोपों को लेकर 2 मतगणना केंद्रों पर हुए हंगामे के बाद यह कदम उठाया गया है। अधिकारियों ने बताया कि स्ट्रॉन्ग रूम के साथ 4 मई को जहां मतगणना होगी, उन केंद्रों की भी सुरक्षा बढ़ाई गई है।

ममता कल स्ट्रॉन्ग रूम में 4 घंटे बैठी रहीं

गौरतलब है की सीएम ममता बनर्जी करीब 8 बजे सखावत मेमोरियल गवर्नमेंट गर्ल्स हाई स्कूल के स्ट्रॉन्ग रूम पहुंचीं और लगभग 4 घंटे अंदर रहीं थीं। देर रात करीब 12:07 बजे बाहर निकलकर उन्होंने मीडिया से कहा, ‘अगर EVM लूटने और मतगणना में हेरफेर की कोशिश हुई तो हम जान की बाजी लगा देंगे।’

एक वीडियो से शुरू हुआ हंगामा

इस पूरे विवाद की शुरुआत TMC द्वारा जारी किए गए एक वीडियो से हुई थी। TMC का दावा है कि इस वीडियो में चुनाव आयोग के अधिकारी भाजपा के कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर बैलेट बॉक्स खोलने की कोशिश कर रहे हैं। TMC का कहना है कि ये वीडियो कोलकाता के नेताजी इंडोर स्टेडियम के पास खुदीराम अनुशीलन केंद्र में बने EVM स्ट्रॉन्ग रूम का है। TMC ने इसे दिनदहाड़े लोकतंत्र की हत्या बताया।

चुनाव आयोग ने TMC के आरोप खारिज किए

पश्चिम बंगाल के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) मनोज कुमार अग्रवाल ने संदिग्ध गतिविधियों से जुड़े TMC के आरोपों को खारिज कर दिया। उन्होंने कहा, “मतदान बाद सभी स्ट्रॉन्ग रूम संबंधित उम्मीदवारों/चुनाव एजेंटों और पर्यवेक्षकों की उपस्थिति में विधिवत सील कर दिए गए थे। आखिरी स्ट्रांग रूम गुरुवार सुबह 5.15 बजे बंद किया गया। खुदीराम अनुशीलन केंद्र में डाक मतपत्रों के लिए एक और स्ट्रॉन्ग रूम है। डाक मतपत्रों को वहां रखा गया है। मतदान अधिकारी उनकी छंटाई कर रहे हैं।”

जिस स्ट्रॉन्ग रूम में गई थीं ममता, वहां जाएंगे सुवेंदु

पश्चिम बंगाल में विपक्ष के नेता सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि भवानीपुर स्थित स्ट्रांग रूम में कड़ी निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने यह भी दावा किया कि ममता पर किसी भी प्रकार की अनियमित गतिविधि को रोकने के लिए कड़ी नजर रखी जा रही है। सुवेंदु भी आज कोलकाता के सखावत मेमोरियल स्कूल स्थित EVM स्ट्रॉन्ग रूम में जाने की योजना बना रहे हैं, जहां कल ममता करीब 4 घंटे रही थीं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button