मनोरंजन

विवादों से घिरी ‘डॉन 3’, सामने आया फरहान अख्तर का बयान

बॉलीवुड की चर्चित फ्रेंचाइजी ‘डॉन’ के तीसरे भाग को लेकर जारी विवाद के बीच अभिनेता रणवीर सिंह के फिल्म से अलग होने की खबरों ने हलचल मचा दी है। पहले अगस्त 2023 में शाहरुख खान के बाद रणवीर को नया ‘डॉन’ घोषित किया गया था, लेकिन दिसंबर 2025 में फिल्म ‘धुरंधर’ की रिलीज के बाद उनके प्रोजेक्ट छोड़ने की खबरें सामने आईं। इससे फिल्म की तैयारियों पर असर पड़ा और एक्सेल एंटरटेनमेंट को प्री-प्रोडक्शन में हुए खर्च के चलते करीब 40 करोड़ रुपये के नुकसान की बात कही जा रही है।

इस पूरे घटनाक्रम पर अब निर्देशक-निर्माता फरहान अख्तर ने अपनी चुप्पी तोड़ी है। उन्होंने एक इंटरव्यू में कहा कि फिल्म निर्माण एक अनिश्चित प्रक्रिया है और जब तक शूटिंग पूरी न हो, कुछ भी तय नहीं माना जा सकता। फरहान ने इसे अपने लिए एक बड़ा सबक बताते हुए कहा कि हर स्थिति के लिए तैयार रहना जरूरी है। उन्होंने अपने शुरुआती करियर की फिल्म ‘दिल चाहता है’ का जिक्र करते हुए आमिर खान और सैफ अली खान के साथ काम करने के अनुभव को याद किया।

वहीं, मामले ने कानूनी रूप भी ले लिया है। रिपोर्ट्स के अनुसार, इस विवाद को प्रोड्यूसर्स गिल्ड ऑफ इंडिया तक ले जाया गया, जहां दोनों पक्षों को आपसी सहमति से समाधान निकालने की सलाह दी गई। बताया जा रहा है कि रणवीर सिंह ने अपनी 10 करोड़ रुपये की साइनिंग अमाउंट लौटाने और नुकसान की भरपाई के लिए अपनी अगली फिल्म ‘प्रलय’ में हिस्सेदारी देने का प्रस्ताव रखा है। हालांकि, अब तक किसी अंतिम समझौते की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और बातचीत जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button