दिल्ली

अंकिता हत्याकांड मामले में जंतर-मंतर पर न्याय की मांग को लेकर हुआ प्रदर्शन

नई दिल्ली। अंकिता हत्याकांड में कथित वीआईपी कनेक्शन की जांच और पूरे मामले के खुलासे की मांग को लेकर रविवार को राजधानी के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन हुआ। अंकिता न्याय यात्रा संयुक्त संघर्ष मंच के आह्वान पर जुटे लोगों ने उत्तराखंड सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आरोप लगाया कि मामले में अब तक केवल निचले स्तर के आरोपिताें पर कार्रवाई हुई है, जबकि नामी लोगों की भूमिका की जांच नहीं की जा रही। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि अंकिता हत्याकांड अब सिर्फ एक आपराधिक मामला नहीं, बल्कि महिलाओं की सुरक्षा और न्याय व्यवस्था की निष्पक्षता का प्रतीक बन गया है।

संयुक्त संघर्ष मंच के सदस्य रीना पंडित ने आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार ने जन दबाव के बाद सीबीआई जांच की घोषणा तो की, लेकिन जांच की दिशा उन लोगों तक नहीं बढ़ाई जा रही जिनके नाम कथित तौर पर सामने आते रहे हैं। वहीं प्रदर्शन में शामिल विमल कौशिक ने कहा कि जब तक हत्या की पूरी साजिश और उसके पीछे शामिल हर व्यक्ति की भूमिका सामने नहीं आती, तब तक पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिल सकता। उत्तराखंड से आईं मुस्कान रावत ने कहा कि जनता अब आधे-अधूरे जवाब स्वीकार नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि लोगों के मन में सबसे बड़ा सवाल यही है कि यदि कथित वीआईपी नाम सामने आए हैं तो उनके खिलाफ पूछताछ और कार्रवाई क्यों नहीं हुई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button