मध्यप्रदेश

मप्रः मुख्यमंत्री आज छिंदवाड़ा और पांढुर्णा को देंगे करोड़ों के विकास कार्यों की सौगात

संबल और पेंशन के हितग्राहियों को सिंगल क्लिक से राशि अंतरित करेंगे

भोपाल। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज गुरुवार को छिंदवाड़ा और पांढुर्णा जिले को विभिन्न विकास कार्यों की सौगात देंगे। मुख्यमंत्री इन दोनों जिलों में विभिन्न विकास कार्यों का भूमि-पूजन और लोकार्पण करेंगे।

जनसम्पर्क अधिकारी नीलू सोनी ने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव पुलिस ग्राउंड, छिंदवाड़ा में जनसभा को संबोधित करेंगे। वे इस मौके पर 506.29 करोड़ की लागत के 105 निर्माण कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन कर जिले को विकास की सौगात देंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव कार्यक्रम में प्रदेश के संबल और पेंशन योजना के हितग्राहियों को आर्थिक सहायता राशि का सिंगल क्लिक से अंतरण भी करेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री डॉ. यादव चौरई के सिहोरा माल में आयोजित सहस्त्र कुंडीय यज्ञ में शामिल होंगे।

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव नये जिले पांढुर्णा में 362.80 करोड़ रुपये लागत के 67 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमि-पूजन करेंगे। यह पहल जिले के समग्र विकास को नई गति प्रदान करते हुए आधारभूत संरचना को सुदृढ़ बनाएगी। मुख्यमंत्री यहां 34 विकास कार्यों का लोकार्पण करेंगे, जिनकी कुल लागत 111.63 करोड़ रुपये है। इन कार्यों से विभिन्न विभागों की अधोसंरचना को मजबूती मिलेगी और आमजन को प्रत्यक्ष लाभ प्राप्त होगा। लोक निर्माण विभाग (सेतु निर्माण) का 30.5 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित पांढुर्णा फ्लाईओवर एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है, जो शहर के यातायात को सुगम बनाते हुए आवागमन में लगने वाले समय को कम करेगा तथा व्यापारिक गतिविधियों को भी गति प्रदान करेगा।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव 33 नवीन विकास कार्यों का भूमि-पूजन भी करेंगे। इनकी कुल लागत 251.17 करोड़ रुपये है। इन परियोजनाओं में म.प्र. भवन विकास निगम के 3 महत्वपूर्ण कार्य (₹69.49 करोड़) विशेष रूप से उल्लेखनीय हैं, जिनमें कलेक्टर कार्यालय, जिला चिकित्सालय एवं एसपी ऑफिस शामिल हैं। ये संस्थान जिले की प्रशासनिक, स्वास्थ्य एवं कानून-व्यवस्था की व्यवस्था को सुदृढ़ करते हुए नागरिकों को बेहतर सेवाएं प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

जामसांवली धाम में राम नवमी पर करेंगे हनुमान जन्मोत्सव 2026 का शुभारंभ

मुख्यमंत्री डॉ. यादव जामसांवली धाम में मप्र पर्यटन विभाग द्वारा विकसित हनुमान लोक परियोजना तथा मंदिर संस्थान द्वारा निर्मित नवनिर्मित विशाल सभामंडप का लोकार्पण कर हनुमान जन्मोत्सव 2026 का शुभारंभ करेंगे। हनुमान लोक परियोजना केवल मंदिर परिसर का विस्तार नहीं है, बल्कि यह आधुनिक तकनीक और पौराणिक परंपराओं के समन्वय का एक जीवंत उदाहरण है। लगभग 30 एकड़ क्षेत्र में विकसित हो रहा यह कॉरिडोर प्रदेश के प्रमुख धार्मिक पर्यटन केंद्र के रूप में स्थापित हो रहा है। जामसांवली धाम भी अपनी पहचान मजबूत कर रहा है। इसमें आस्था के साथ जनभागीदारी और सांस्कृतिक अभिव्यक्ति का व्यापक समावेश है।

Related Articles

Back to top button