छत्तीसगढ़

अननेचुरल सेक्स-ब्लैकमेलिंग का खौफनाक अंत, छात्र ने की शिक्षक की हत्या

कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कबीरधाम (कवर्धा) जिले में एक सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा हुआ है। 10वीं के एक छात्र ने अपने ही स्कूल के डांस टीचर की चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी।

हत्या की वजह अप्राकृतिक कृत्य (अननेचुरल सेक्स) के लिए बनाया जा रहा दबाव और ब्लैकमेलिंग सामने आई है। पुलिस ने 56 दिनों की मशक्कत के बाद आरोपी नाबालिग को हिरासत में लिया है।

ब्लैकमेलिंग से तंग आकर रची साजिश

मृतक की पहचान 27 वर्षीय सत्यमदास मानिकपुरी के रूप में हुई है, जो एक निजी स्कूल में डांस टीचर था। पुलिस जांच में पता चला कि सत्यमदास और नाबालिग छात्र के बीच पिछले तीन महीनों से जान-पहचान थी। इस दौरान उनके बीच अप्राकृतिक संबंध बने। इसके बाद शिक्षक छात्र पर दोबारा संबंध बनाने के लिए लगातार दबाव डाल रहा था और बात सार्वजनिक करने की धमकी देकर उसे ब्लैकमेल कर रहा था।

शिक्षक के उत्पीड़न से पीछा छुड़ाने के लिए नाबालिग ने खौफनाक योजना बनाई। 17 जनवरी को उसने शिक्षक को व्हाट्सएप कॉल कर लालपुर नर्सरी के पास बुलाया और वहां चाकू से उसका गला रेतकर हत्या कर दी।

इंटरनेट पर सर्च किए बचने के तरीके

वारदात के बाद आरोपी अपने पैतृक गांव में छिपा रहा। पुलिस ने जब उसके मोबाइल की सर्च हिस्ट्री खंगाली, तो चौंकाने वाले खुलासे हुए। नाबालिग ने अपराध के बाद बचने के लिए इंटरनेट पर कई संदिग्ध चीजें सर्च की थीं।

अज्ञात आरोपी की तलाश में पुलिस ने 5000 मोबाइल नंबरों का विश्लेषण किया और 500 से अधिक CCTV फुटेज खंगाले। 100 से ज्यादा लोगों से पूछताछ के बाद पुलिस कड़ियों को जोड़ते हुए आरोपी तक पहुंची।

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर नदी से मृतक का मोबाइल और घटना में प्रयुक्त स्कूटी व खून से सने कपड़े बरामद कर लिए हैं। फिलहाल नाबालिग को बाल संप्रेक्षण गृह भेज दिया गया है।

Related Articles

Back to top button