मध्यप्रदेश

MP के छात्र की कनाडा में दर्दनाक मौत, कार से कुचलकर हत्या का आरोप

उज्जैन: मध्यप्रदेश के उज्जैन शहर के एक छात्र की कनाडा में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से परिवार और शहर में शोक की लहर फैल गई है। जानकारी के अनुसार उज्जैन निवासी गुरकीरत सिंह मनोचा लगभग सवा साल पहले उच्च शिक्षा के लिए कनाडा गए थे। 14 मार्च की रात कनाडा के फोर्ट सेंट जॉन शहर में उनके साथ पढ़ने वाले कुछ छात्रों से उनका विवाद हो गया।

बताया जा रहा है कि विवाद के बाद मामला इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने गुरकीरत के साथ पहले मारपीट की और बाद में कार से कुचल दिया। इस हमले में गुरकीरत गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान देर रात उनकी मौत हो गई।

घटना की जानकारी कनाडा में मौजूद गुरकीरत के एक दोस्त ने फोन के जरिए परिवार तक पहुंचाई। सूचना मिलते ही उज्जैन स्थित उनके घर में मातम छा गया। गुरकीरत के पिता गुरजीत सिंह मनोचा और परिवार के अन्य सदस्य गहरे सदमे में हैं। परिवार देवास रोड स्थित पार्श्वनाथ सिटी में रहता है।

इस घटना से पूरे इलाके में शोक का माहौल है। प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भी घटना पर दुख व्यक्त किया है और परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की है। फिलहाल कनाडा पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना के पीछे के कारणों और आरोपियों की भूमिका को लेकर जांच जारी है। परिवार को उम्मीद है कि जल्द ही आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button