मालिक की मोटरसाइकिल चुराने वाला कर्मचारी गिरफ्तार

जगदलपुर। जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र अंर्तगत नानगुर में एक कर्मचारी ने अपने मालिक की मोटरसाइकिल चुरा ली। मामले की रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस ने आरोपी को ओडिशा से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। नानगुर थाना प्रभारी गणेश यादव ने बताया कि मांझीगुड़ा निवासी बाबुराम बघेल ने वर्ष 2025 नवंबर में हार्वेस्टर चलाने के लिए एक व्यक्ति को नौकरी पर रखा था। यह व्यक्ति ओडिशा निवासी जयशंकर उर्फ विक्की गुरु था।
कुछ दिन हार्वेस्टर चलाने के बाद विक्की गुरु अपने मालिक के घर से पल्सर मोटरसाइकिल बिना बताए चोरी कर फरार हो गया। प्रार्थी बाबुराम बघेल की रिपोर्ट पर मामला दर्ज किया गया था। पुलिस लगातार आरोपी की तलाश कर रही थी। आरोपी बार-बार अपना ठिकाना बदल रहा था, और अपना मोबाइल भी बंद कर दिया था। पुलिस ने साइबर इकाई की मदद से आरोपी का ठिकाना संबलपुर,ओडिशा में होने की जानकारी प्राप्त की। इस सूचना पर एक दल बनाकर ओडिशा भेजा गया। पुलिस दल ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर चोरी की गई पल्सर मोटर साइकिल संबलपुर से जब्त की गई। आरोपी के विरूद्ध कोतवाली थाना में कार्यवाही उपरांत आज शुक्रवार को जेल दाखिल कर दिया गया है।



