रायपुर में 8 किलो से ज्यादा गांजा जब्त, अंतर्राज्यीय तस्कर समेत दो आरोपी गिरफ्तार

रायपुर। रायपुर पुलिस ने नशे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए अलग-अलग मामलों में कुल 8 किलो 321 ग्राम गांजा के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जब्त गांजा की कीमत करीब 4 लाख 16 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस उपायुक्त (नॉर्थ जोन) मयंक गुर्जर के निर्देश पर थाना उरला और चौकी रामनगर पुलिस ने नारकोटिक एक्ट के तहत कार्रवाई की। उरला पुलिस को सूचना मिली थी कि बाजार चौक के पास एक युवक गांजा बेचने की फिराक में खड़ा है। पुलिस ने घेराबंदी कर सुमित वर्मा (19) निवासी साई नगर, उरला को पकड़ लिया। उसके पास से 3 किलो 115 ग्राम गांजा बरामद किया गया।
वहीं गुढ़ियारी थाना क्षेत्र की रामनगर चौकी पुलिस ने अनिल अहीरवार (32) निवासी विदिशा (मध्यप्रदेश) को 5 किलो 206 ग्राम गांजा के साथ गिरफ्तार किया।
दोनों आरोपियों के कब्जे से कुल 8 किलो 321 ग्राम गांजा जब्त किया गया है। पुलिस ने उरला थाना में अपराध क्रमांक 86/2026 के तहत धारा 20बी नारकोटिक एक्ट और गुढ़ियारी थाना में भी नारकोटिक एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही प्रकरण से जुड़े अन्य आरोपियों के संबंध में पूछताछ की जा रही है।




