छत्तीसगढ़

CG – ट्रेन मैनेजर हुए साइबर ठगी के शिकार, ई-चालान के लिंक पर क्लिक करते ही खाते से उड़े लाखों रुपये

बिलासपुर। अगर आपके मोबाइल पर भी ट्रैफिक पुलिस के नाम से ई-चालान भरने का मैसेज आता है, तो सावधान हो जाइए। बिलासपुर में साइबर ठगों ने ई-चालान की आड़ में एक ट्रेन मैनेजर के बैंक खाते पर डाका डाला है। शातिर ठगों ने महज 11 मिनट के भीतर उनके क्रेडिट कार्ड से 2.85 लाख रुपये पार कर दिए। पीड़ित को जब तक ठगी का एहसास हुआ, तब तक उनका खाता खाली हो चुका था। पीड़ित की रिपोर्ट पर पुलिस ने साइबर ठगों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यह मामला तोरवा थाना क्षेत्र का है।

तोरवा सांई भूमि कॉलोनी निवासी विवेक कुमार बिलासपुर रेलवे कंट्रोल रूम में ट्रेन मैनेजर के पद पर पदस्थ हैं। विवेक के मोबाइल पर ई-चालान का एक मैसेज आया। मैसेज में ओवर स्पीड का हवाला दिया गया था। जैसे ही उन्होंने विवरण देखने के लिए लिंक पर क्लिक किया, उसमें कोई राशि नहीं दिखी। इसके बाद उन्होंने लिंक बंद कर दिया, लेकिन तब तक ठग उनके फोन का एक्सेस हासिल कर चुके थे। ठगों ने ई-मेल के जरिए विवेक के आईसीआईसी बैंक से लिंक अमेजन पे क्रेडिट कार्ड से दो ट्रांजेक्शन 75-75 हजार रुपये के किए। तीसरे ट्रांजेक्शन में 70 हजार और चौथे में 65 हजार रुपये म्यूल खाते में ट्रांसफर कर लिए गए।

शातिर ठगों ने विवेक की असली ई-मेल आईडी को बदलकर अपनी फर्जी आईडी ([email protected]) लिंक कर दी, ताकि ट्रांजेक्शन के अलर्ट उन्हें न मिल सकें। विवेक ने तत्काल 1930 साइबर हेल्पलाइन और तोरवा थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस और साइबर सेल अब मामले की बारीकी से जांच कर रही है।

Related Articles

Back to top button