उत्तरप्रदेश

आठ करोड़ से संवरेगा बेटियों का भविष्य, एएनडी और काकादेव कॉलेज बनेंगे हाईटेक

सीएम वैश्विक नगरोदय योजना के तहत बदला जाएगा कॉलेज का स्वरूप, बुनियादी ढांचे को मिलेगा नया विस्तार

-मिशन शक्ति के तहत बालिका शिक्षा को प्राथमिकता; स्मार्ट क्लासेस और आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा परिसर

कानपुर। उत्तर प्रदेश की योगी सरकार प्रदेश में बेटियों की शिक्षा और उनके सर्वांगीण विकास के लिए लगातार बड़े कदम उठा रही है। इसी क्रम में नगर निगम द्वारा संचालित आचार्य नरेंद्र देव (एएनडी) महिला महाविद्यालय और काकादेव स्थित नगर निगम बालिका इंटर कॉलेज का कायाकल्प होगा।

नगर निगम की ओर से सीएम वैश्विक नगरोदय योजना के तहत एएनडी कॉलेज के लिए 5 करोड़ रुपये और नगर निगम बालिका इंटर कॉलेज, काकादेव के लिए 3 करोड़ रुपये की धनराशि की मांग की गई है।

‘डिजिटल हब’ बनेगा कॉलेज

अब तक नगर निगम द्वारा संचालित होने के बावजूद एएनडी कॉलेज बुनियादी सुविधाओं की कमी से जूझ रहा है। कक्षाओं का इंफ्रास्ट्रक्चर पुराना हो चुका है, जिससे छात्राओं की पढ़ाई प्रभावित होती है, लेकिन योगी सरकार के इस ‘बड़े मास्टरप्लान’ के बाद, कॉलेज के स्वरूप को पूरी तरह री-डिजाइन किया जाएगा।

ये है री-डिजाइन का मॉडल

12 स्मार्ट क्लासरूम: कॉलेज में 12 अत्याधुनिक स्मार्ट क्लासरूम बनाए जाएंगे।

हाईटेक इंफ्रास्ट्रक्चर: बिल्डिंग का सुदृढ़ीकरण और आधुनिक लैब की स्थापना होगी।

काकादेव के गर्ल्स कॉलेज का भी कायाकल्प

काकादेव स्थित नगर निगम बालिका इंटर कॉलेज के लिए भी 3 करोड़ रुपये मांगे गए हैं, जिससे माध्यमिक स्तर पर भी छात्राओं को बेहतर माहौल मिले। इस धनराशि से स्कूल का इंफ्रास्ट्रक्चर ठीक किया जाएगा। पढ़ाई को स्मार्ट बनाया जाएगा।

नगर निगम के अधिशाषी अभियंता कैलाश पति ने प्रोजेक्ट की रूपरेखा स्पष्ट करते हुए गुरुवार काे बताया कि मुख्यमंत्री की प्राथमिकता नगर निगम के स्कूलों और कॉलेजों को निजी संस्थानों से भी बेहतर बनाना है। दो कॉलेजों के लिए 8 करोड़ का फंड मांगा गया है। फंड मिलते ही जल्द टेंडर प्रक्रिया पूरी कर निर्माण कार्य शुरू करेंगे ताकि कक्षाओं को हाईटेक इंफ्रास्ट्रक्चर से लैस किया जा सके।

एएनडी कॉलेज की प्रिंसिपल डॉ. ऋतंभरा ने कहा कि बेटियों की बेहतर और प्रतिस्पर्धी शिक्षा के लिए हमें ‘हाईटेक संसाधनों’ की सख्त जरूरत है। पुरानी और खस्ताहाल कक्षाओं के कारण चुनौतियां बहुत हैं, लेकिन अब डिजिटल बोर्ड और स्मार्ट सुविधाओं से हमारी छात्राएं देश के बड़े कॉलेजों के साथ कंधे से कंधा मिला सकेंगी। यह योगी सरकार का बेटियों के भविष्य के प्रति अटूट विश्वास है।

Related Articles

Back to top button