बालिकाओं के लिए विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर आयोजित

नैनीताल। नैनीताल जनपद के राजकीय बालिका इंटर कॉलेज बेतालघाट में विज्ञान में महिलाओं और लड़कियों के अंतरराष्ट्रीय दिवस के अवसर पर विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। शिविर में छात्राओं को किशोरावस्था में होने वाले शारीरिक एवं मानसिक परिवर्तनों, मासिक धर्म, त्वचा संबंधी बदलाव और व्यक्तिगत स्वच्छता के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी
कार्यक्रम उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के दिशा-निर्देशों के तहत जिला न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण नैनीताल के अध्यक्ष प्रशांत जोशी के निर्देशन में संपन्न हुआ।
शिविर में चिकित्सा विभाग की डॉ. अभिलाषा ने गुड टच और बैड टच के बारे में भी जागरूक किया। सिविल जज पारुल थपलियाल ने संविधान के अनुच्छेद 14 से 18 के तहत समानता के अधिकार की जानकारी देते हुए पॉक्सो अधिनियम 2012 के प्रावधानों और निःशुल्क विधिक सहायता की सुविधाओं से छात्राओं को अवगत कराया।
पुलिस विभाग से उप निरीक्षक स्नेहा कोरंगा ने यौन उत्पीड़न, ब्लैकमेलिंग और बच्चों से संबंधित अपराधों के प्रति सावधान रहने की अपील की तथा आपात स्थिति में पुलिस से संपर्क करने की सलाह दी। कार्यक्रम की शुरुआत छात्राओं के स्वागत गीत से हुई।
शिविर का संचालन सिविल जज एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव पारुल थपलियाल ने चिकित्सा और पुलिस विभाग के सहयोग से किया। इस अवसर पर प्रधानाचार्य रेखा गाडिया, ग्राम प्रधान भावना पड़ियार, पीएलवी संजय कुमार, सुनील हलसी, चित्रकला देवी, पूजा देवी सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।




