2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने में कार्यकर्ता निभाएं अहम भूमिका: अजय जामवाल

भाजपा क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल ने सोमवार को सिहोर जिला कार्यालय में विभिन्न बैठकों को किया संबोधित
भोपाल। भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी वर्ष 2047 तक भारत को विकसित और आत्मनिर्भर राष्ट्र बनाने के लक्ष्य के साथ निरंतर कार्य कर रहे हैं। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार समाज के हर वर्ग के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है।
अजय जामवाल सोमवार को सीहोर जिला भाजपा कार्यालय में आयोजित कामकाजी बैठक, जनप्रतिनिधियों की बैठक और जिला कोर ग्रुप की बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 में देश आज़ादी की 100वीं वर्षगांठ मनाएगा और इस लक्ष्य की प्राप्ति में पार्टी के प्रत्येक कार्यकर्ता की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे प्रधानमंत्री के विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में अपना सक्रिय और सकारात्मक योगदान दें।
बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने पर जोर
क्षेत्रीय संगठन महामंत्री ने कहा कि जिले के सभी पार्टी पदाधिकारी मंडल और शक्ति केंद्रों तक नियमित प्रवास करें और कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर बूथ स्तर पर संगठन को और सशक्त बनाएं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार गरीबों, युवाओं, महिलाओं, किसानों सहित समाज के सभी वर्गों के कल्याण और आर्थिक सशक्तिकरण के लिए योजनाबद्ध तरीके से काम कर रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि वे गांव-गांव और घर-घर संपर्क कर केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी एवं हितग्राही मूलक योजनाओं की जानकारी जनता तक पहुंचाएं, ताकि पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का पूरा लाभ मिल सके।
विकसित भारत की संकल्पना पर बल
अजय जामवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जैसा दूरदृष्टि वाला नेतृत्व ही भारत को विकसित राष्ट्र बना सकता है। उन्होंने कहा कि भाजपा सत्ता को साधन मानकर नहीं, बल्कि जनसेवा के माध्यम के रूप में कार्य करती है और पार्टी के कार्यकर्ता ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना के साथ निरंतर सेवा में लगे रहते हैं।
वरिष्ठ कार्यकर्ता का सम्मान
इस अवसर पर क्षेत्रीय संगठन महामंत्री जामवाल ने जनसंघ के वरिष्ठ कार्यकर्ता किशन पचौरी के निवास पहुंचकर उनका सम्मान किया। उन्होंने पचौरी सहित अन्य वरिष्ठ कार्यकर्ताओं से भेंट कर उनके संगठनात्मक अनुभवों पर विस्तृत चर्चा की।




