
इंदौर: मध्यप्रदेश के इंदौर शहर में एक बार फिर नगर निगम ने अवैध निर्माण पर सख्त कदम उठाया है। बिना मंजूरी के बन रही इमारत पर निगम का बुलडोजर चलाया गया और गैरकानूनी हिस्से को गिरा दिया गया। पांच मंजिला यह बिल्डिंग तय नक्शे से हटकर बनाई जा रही थी, जिस पर नगर निगम ने तुरंत एक्शन लिया।
असल में, इंदौर नगर निगम ने दोबारा अवैध निर्माणों के खिलाफ अभियान शुरू कर दिया है। इस बार स्कीम नंबर 78 इलाके में बन रही एक पांच मंजिला इमारत को निशाना बनाया गया। निगम की टीम ने पोकलेन मशीन की मदद से इस अवैध निर्माण को गिरा दिया। जानकारी के मुताबिक, यहां करीब 1800 स्क्वायर फीट में बिना किसी मंजूरी के निर्माण किया जा रहा था। निगम की टीम ने बिल्डिंग पूरी होने से पहले ही इसे तोड़ने की कार्रवाई कर दी। इस काम के लिए मौके पर 4 पोकलेन मशीन और 1 जेसीबी लगाई गई थी। हालांकि निगम की इस कार्रवाई पर कुछ लोगों ने सवाल भी उठाए हैं, लेकिन नगर निगम का कहना है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्ती जारी रहेगी।



