सिंगर बी प्राक पहुंचे महाकालेश्वर मंदिर, बाबा महाकाल की भस्म आरती में हुए शामिल
उज्जैन । फिल्म ‘केसरी’ के प्रसिद्ध गाने ‘तेरी मिट्टी’ के गायक और संगीत निर्देशक बी प्राक बुधवार को महाकाल मंदिर पहुंचे। यहां वे बाबा महाकाल की भस्म आरती में शामिल हुए। बी प्राक ने करीब दो घंटे तक नंदी हॉल में बैठकर भगवान महाकाल की भस्म आरती देखी।
आरती के बाद उन्होंने देहरी से भगवान महाकाल का आशीर्वाद लिया। इस मौके पर उनके साथ उनकी टीम के सदस्य भी थे।
महाकाल मंदिर के अर्पित पुजारी ने सिंगर बी प्राक की पूजा संपन्न करवाई। पुजारी ने उन्हें फूलों की माला पहनाई और आशीर्वाद दिया। पूजा के दौरान बी प्राक भक्ति में लीन दिखे और ताली बजाकर झूमते नजर आए। उन्होंने माथे पर चंदन भी लगाया था। दर्शन के बाद बी प्राक ने कहा, “जय महाकाल। यहां दर्शन करने आए हैं। यहां की व्यवस्थाएं बहुत अद्भुत है। सबने इतने बढ़िया से दर्शन करवाए। महाकाल का आशीर्वाद हम सब पर बरसा है। पुजारी समेत सभी लोगों ने आशीर्वाद दिया। यहां आकर जो अनुभव हुआ है, उसे शब्दों में मैं क्या कोई भी बयान नहीं कर सकता है। उसके लिए आपको महाकाल के दर्शन करने पड़ेंगे। महाकाल को देखते ही आपके अंदर ताकत आ जाएगी। आपको ऐसा लगेगा कि यहां या तो आप हैं या फिर महाकाल, बाकि कोई नहीं।” महाकाल दर्शन के बाद उन्होंने मंगलनाथ मंदिर में भी पूजा की। बता दें कि आज शाम इंदाैर के राऊ में ड्राइव इन सिनेमा में बी प्राक का इवेंट हैं।