फिल्म अभिनेता उत्कर्ष शर्मा ने किये बाबा महाकाल के दर्शन, भस्म आरती में हुए शामिल
उज्जैन। फिल्म अभिनेता उत्कर्ष शर्मा बुधवार सुबह महाकालेश्वर मंदिर पहुंचे और भस्म आरती में शामिल हुए। उन्होंने बाबा महाकाल के दर्शन कर आर्शीवाद लिया। साथ ही नंदी हाल में बैठकर शिव साधना की।
श्री महाकालेश्वर मंदिर में बुधवार की भस्म आरती में फिल्म अभिनेता उत्कर्ष शर्मा सम्मिलित हुए। उन्होंने अल सुबह करीब 4 बजे भस्म आरती में हिस्सा लिया। वे सभा मंडप में बैठकर बाबा की आरती के साक्षी बने। आरती समाप्त होने के बाद उन्होंने गर्भगृह की चौखट से भगवान महाकाल के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। दर्शन करने के बाद मीडिया से बातचीेत करते हुए अभिनेता ने कहा कि मंदिर समिति और सरकार ने जो महाकालेश्वर में व्यवस्थाएं की हैं, वह बेहद प्रशंसनीय हैं। मुझे इस मंदिर में आकर अद्भुत अनुभव हुआ। हर किसी को महाकाल की भस्म आरती प्रत्यक्ष रूप से देखना चाहिए। मेरा आप सभी से आग्रह है कि आप भी बाबा महाकाल के दर्शन करने आए और विश्व में सिर्फ एक स्थान जहां पर आपको ऐसी अनुभूति हो सकती है। यहां आकर बाबा महाकाल की भस्म आरती जरूर देखें।
महाकालेश्वर मंदिर के सहायक प्रशासक मूलचंद जूनवाल ने बताया कि श्री महाकालेश्वर मंदिर में प्रतिदिन परम्परागत रूप से होने वाली भगवान श्री महाकालेश्वर की भस्म आरती में आज फ़िल्म अभिनेता उत्कर्ष शर्मा भी सम्मिलित हुए। भस्म आरती उपरांत पं महेश पुजारी, पुरोहित पीयूष चतुर्वेदी व विपुल चतुर्वेदी द्वारा उत्कर्ष शर्मा के माध्यम से बाबा महाकाल का पूजन सम्पन्न करवाया गया।
बता दें कि उत्कर्ष शर्मा
उत्कर्ष शर्मा एक भारतीय अभिनेता हैं और डायरेक्टर अनिल शर्मा के बेटे हैं। इनका जन्म 22 मई 1994 को मुम्बई में हुआ था। इन्होंने अपने फिल्मी जीवन की शुरुआत सबसे पहले ग़दर: एक प्रेम कथा में बाल्य कलाकार के रूप में की थी। जिसमें वह सनी देओल और अमीषा पटेल के बेटे के रूप में दिखाए गए थे। इसके बाद में उन्होनें बड़े होने पर जीनियस में काम किया और उसमें मुख्य भूमिका निभाई थी।